यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दुष्कर्म में विफल युवक ने अनुसूचित जाति की किशोरी को किया आग के हवाले, हालत गंभीर
Teenage Girl burnt alive in Pilibhit जिले के एक गांव में रहने वाली किशोरी के स्वजन सात सितंबर को खेत ...और पढ़ें

पीलीभीत, जागरण संवाददाता। Teenage Girl burnt alive in Pilibhit: घर में अकेली अनुसूचित जाति की किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास हुआ। वह बचने के लिए आरोपित राजवीर से जूझती रही। हाथापाई के साथ शोर करने लगी तो आरोपित ने उसे पीटा, इसके बाद डीजल की केन उड़ेलकर आग लगा दी। पूरा शरीर जलने के कारण उसकी हालत ऐसी नहीं थी कि घटनाक्रम बता पाती, इससे अनजान स्वजन आत्महत्या का प्रयास समझते रहे। सात सितंबर से अस्पताल में भर्ती पीड़ित किशोरी ने शनिवार को बयान दिए, तब पुलिस सक्रिय हुई। रात करीब 10 बजे आरोपित पकड़ लिया गया।
.jpg)
जिले के एक गांव में रहने वाली किशोरी के स्वजन सात सितंबर को खेत पर गए थे। पीड़ित के अनुसार, घर में अकेला देखकर राजवीर लोधी आ गया। वह दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर उसने डीजल डालकर आग लगा दी। उस समय घर में कोई नहीं था, इसलिए मदद भी नहीं मिली। उसके पिता ने बताया कि शाम को घर लौटे तो बेटी जमीन पर बेहोश मिली, उसके शरीर का काफी हिस्सा जल गया था।
उसी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों का कहना है किशोरी को भर्ती कराते समय स्वजन को शक था कि उसने खुद आग लगाई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को किशोरी ने एक परिचित से बातचीत के दौरान पूरा घटनाक्रम बताया। कहा कि दुष्कर्म में असफल होने पर राजवीर ने आग लगाई है।
इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी (pilibhit sp dinesh kumar p) ने संज्ञान लिया। रात करीब नौ बजे वह जिला अस्पताल पहुंचे और किशोरी के पिता से घटना की जानकारी ली। उनसे शिकायती पत्र लेने को कहा ताकि आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी जा सकी।
गांव में ही मिला आरोपित
वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपित राजवीर को गांव से पकड़कर थाने लाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को किशोरी का वीडियो वायरल होने के बाद भी स्वजन ने थाने या किसी अधिकारी से शिकायत नहीं की थी। प्रकरण का संज्ञान लेकर उसके पिता से बात हुई, तब शिकायती पत्र मिला।
ग्रामीणों ने कहा, डांट से नाराज होकर आग लगाई
देर रात पुलिस अधीक्षक गांव पहुंचे। कुछ ग्रामीणों ने कहा कि स्वजन की डांट से नाराज होकर किशोरी ने आग लगा ली थी। इससे विपरीत उसकी मां राजवीर पर आरोप लगा रही।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने कहा किआरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी जा रही है। किशोरी की हालत बेहद गंभीर है। मजिस्ट्रेट की ओर से किशोरी के बयान कलमबंद किए जाने का निर्देश दिया गया है।
