बरेली में थ्रेशर मशीन में फंस कर मजदूर की मौत, पुलिस ने मशीन को काटकर निकाले शरीर के टुकड़े
गेंहू की खंदाई कर रहे एक मज़दूर के टुकड़े टुकड़े हो गए। उसकी मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थ्रेशर को कटर से कटवाने के बाद उसके शरीर के टुकड़ों को बाहर निकलवाया।
बरेली, जेएनएन। गेंहू की फसल की खंदाई कर रहे एक मज़दूर के टुकड़े टुकड़े हो गए। उसकी मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। उसके परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थ्रेशर को कटर से कटवाने के बाद उसके शरीर के टुकड़ों को बाहर निकलवाया। बाद में पुलिस ने उसके शव के टुकड़ों को जमा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज में ग्राम खंजनिया निवासी शेर सिंह टेम्पो चलाने के साथ ही मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका छोटा बेटा अमित कुमार 21 वर्ष भी मजदूरी में उनका हाथ बंटाता था। बुधवार को गांव के इन्द्रपाल के थ्रेशर से गांव के ही महेश की गेंहू की फसल की खंदाई हो रही थी। जिसमें अमित कुमार व गांव के पांच अन्य मजदूर थे्रशर में गेंहू के पूले लगा रहे थे। इसी दौरान अमित कुमार थ्रेशर के अंदर चला गया। जिससे उसके शरीर के टुकड़े टुकड़े हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक व अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने थ्रेशर को कटर से कटवा कर उसके शरीर के टुकड़ों को बाहर निकलवाया। बाद में पुलिस ने टुकड़ों को जमा करा कर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। उसकी मां मीना देवी, बहन गुडिया, रजनी, नीतू, भाई विपिन व पिता शेर सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि थ्रेशर से शव को निकाल उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।