गजब : कई महीनों से नहीं मिला मानदेय तो महिला कर्मचारी ने पूरे दफ्तर में फैलाया कूड़ा
सिंचाई विभाग में कार्यरत एक संविदा महिला कर्मी ने गुरुवार को कई महीनों से मानदेय नहीं मिलने पर विरोध दर्ज कराने के लिए अरीबोगरीज तरीका अपनाया।
बदायूं(जेएनएन)। सिंचाई विभाग में कार्यरत एक संविदा महिला कर्मी ने गुरुवार को कई महीनों से मानदेय नहीं मिलने पर विरोध दर्ज कराने के लिए अरीबोगरीज तरीका अपनाया। नाराज होकर चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने पूरे दफ्तर में कूड़ा फैला दिया। इससे कार्यालय में मौजूद स्टाफ में खलबली मच गई। अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो सफाई कर्मचारी बुलाकर कूड़ा हटवाया। मामले में अधिकारियों से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
सिंचाई विभाग के बाढ़ खंड कार्यालय में करीब नौ महीने पहले विमलेश नाम की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मी को डेली बेसिस पर तैनात किया गया था। तब से वह कार्यरत है। महिला कर्मी का आरोप है कि तैनाती के बाद से उसे मानदेय नहीं दिया गया। मानदेय की मांग करने पर अधिकारी टालमटोल करने लगते हैं। कई महीनों तक मानदेय नहीं मिलने पर महिला कर्मी का पारा चढ़ गया। गुरुवार को नाराज होकर उसने पूरे दफ्तर में कूड़ा फैलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इससे पूरे कार्यालय में खलबली मच गई।