राममंदिर बनाने के लिए सही समय का इंतजार : धर्मपाल
भाजपा राममंदिर निर्माण के मुद्दे को भूली नहीं है।
जागरण संवाददाता, बरेली : भाजपा राममंदिर निर्माण के मुद्दे को भूली नहीं है। अयोध्या में राममंदिर भाजपा ही बनवाएगी। बस सही समय का इंतजार किया जा रहा है। ये बातें प्रदेश सरकार के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस के प्रियंका गांधी को आगे लाने या सपा-बसपा गठबंधन से भाजपा की रणनीति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में 73 से अधिक सीटें जीतेगी। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने पहले की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक बड़ा बजट पेश किया जो चार लाख 79 हजार 701 करोड़ रुपये का है। सरकार किसानों को फसल के समर्थन मूल्य के संग 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देगी। मप्र सरकार से केन-बेतवा समझौता किया गया है ताकि बुंदेलखंड में सूखे के हालात से किसानों को निजात दिलाई जा सके। खेतों की स्प्रिंकलर पद्धति से सिंचाई के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
विलुप्त होती नदियों के संरक्षण के लिए बनेगी सेल
मंत्री ने बताया कि विलुप्त होती नदियों के संरक्षण के लिए सेल बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें अभी गोमती, अरिल, सई, वरुणा, तमसा, मनोरमा, सोत, आमी आदि आठ नदियां शामिल हैं। गोमती नदी की 48 किमी खोदाई जनता के श्रमदान से हुई है। अब इसमें जल प्रवाह है। किसानों से चार गुना दाम पर जमीन लेकर बनवाएंगे नहरें
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग की वर्षो से अधूरी परियोजनाएं पूरी करने के लिए भी सरकार ने बजट जारी किया है, जिसमें रामगंगा बैराज भी शामिल है। जल्द ही किसानों से चार गुना दाम पर जमीन लेकर नहरें बनवाई जाएंगी।