शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में हुआ हंगामा, नर्सो से भिडे़ भाकियू कार्यकर्ता
मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को स्टाफ नर्स का भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरु कर दिया।
शाहजहांपुर, जेएनएन। मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को स्टाफ नर्स का भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरु कर दिया। इसके बाद पुलिस ने स्टाफ नर्स को हिरासत में ले लिया। जिससे अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया।
सिंधौली थाना क्षेत्र के आदमपुर उत्तरी गांव निवासी जगजीत वर्मा भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता है। उनकी मां कमला देवी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। गुरुवार दोपहर बाद जब वह उन्हें देखने गए तो वहां एक स्टाफ नर्स ने उनसे भीड़ न लगाने के लिए कह दिया। जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। जगजीत ने अपने अन्य साथियों को सूचना दी।
जिसके बाद जिलाध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता पहुंच गए। स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने स्टाफ नर्स को हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद जब अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने हड़ताल शुरु कर दी। उसे छुड़ाने के लिए चौकी पहुंच गए।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रवेश सिंह दोनों पक्षों को कोतवाली लेकर पहुंचे जहां दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवाद दोनों पक्षों में शांत हो गया है। यदि तहरीर देंगे तो उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।