बदायूं में दो किशोरों की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके, शिनाख्त जारी
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दातागंज रेलवे क्राॅसिंग से नगलाशर्की जाने वाले मार्ग पर दो शव रेलवे ट्रैक पर पड़े थे।
बदायूं(जेएनएन)। दो किशोरों की हत्या कर लाश रेलवे ट्रैक पर फेंक दी गईं। शनिवार सुबह दोनों शव बरामद होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों कहां के रहने वाले हैं और उनके शव यहां कैसे पहुंचे, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। हालांकि, कपड़े देखकर यही कयास लगाया जा रहा है कि दोनों किसी स्कूल के छात्र हैं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दातागंज रेलवे क्राॅसिंग से नगलाशर्की जाने वाले मार्ग पर दो शव रेलवे ट्रैक पर पड़े थे। गांव वालों की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शवों को ट्रैक से हटवाया। किशोरों की उम्र तकरीबन 16 से 17 साल है। दोनों खाकी पैंट पहने हुए थे। एक धारीदार कमीज पहने हुए है तो दूसरे की कमीज का रंग गुलाबी है। उनके शरीर पर चोटों के निशान देख पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। जीआरपी और सिविल लांइस पुलिस के बीच कुछ देर सीमा विवाद हुआ। हालांकि बाद में सिविल लाइंस पुलिस दोनों शवों को अपने साथ ले गई।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शवों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जरूरी है कि इनके परिजनों को मामले की जानकारी मिल जाए। इसी कारण दोनों की तस्वीरें आसपास जिलों की पुलिस को दे दी गई हैं।