स्मार्ट सिटी बसाने को आगे आई सिर्फ दो कंपनियां
शहर को स्मार्ट बनाने के लिए देश भर से सिर्फ दो कंपनियां ही आगे आई हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली: शहर को स्मार्ट बनाने के लिए देश भर से सिर्फ दो कंपनियां ही आगे आई हैं। नगर निगम ने मंगलवार को इन कंपनियों की टेक्नीकल बिड खोल दी। अब बुधवार को कमिश्नर के सामने कंपनियां अपना प्रस्तुतिकरण देंगी। सब कुछ ठीक रहा तो फिर फाइनेंसियल बिड खोली जाएगी, वर्ना नगर निगम को दोबारा टेंडर लगाने होंगे।
केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना के चौथे राउंड में 19 जनवरी को अपने शहर को स्मार्ट सिटी में शामिल करने की घोषणा की गई थी। उसके बाद से नगर निगम सक्रिय होकर काम कर रहा है। यहां बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी बनाने ले लेकर प्री-बिड तक का काम निगम ने तेजी से किया। योजना के तहत शहर में करीब 1902 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाने हैं। नगर निगम ने कुछ समय पूर्व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को अमली जामा पहनाने के लिए पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेट कंसल्टेट) गठित करने को प्री बिड निकाली थी। इसमें देश भर की 14 कंपनियों ने भाग लिया और अपना प्रस्तुतिकरण किया। इसके बाद बीते दिनों निगम ने फाइनल ऑनलाइन टेंडर निकाले, जिसकी आखिरी तारीख 23 जुलाई थी। मंगलवार दोपहर दो बजे टेंडर खोले जाने थे। देश भर से सिर्फ दो कंपनियों भारत सरकार के उपक्रम वैपकोस और गुड़गांव की एसआरईआइ इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी ने ही टेंडर डाले। मंगलवार को दोनों टेंडरों की टेक्नीकल बिड खोल दी गई।
आज कमिश्नर के सामने होगा प्रस्तुतीकरण
दोनों कंपनियों की टेक्नीकल बिड खुलने के बाद बुधवार को कमिश्नर सभागार में कंपनियां अपना प्रस्तुतिकरण देंगी। उसके बाद ही टेक्नीकल बिड को पास किया जाएगा। दोनों कंपनियों की बिड पास होने पर 27 जुलाई को फाइनेंसियल बिड खोली जाएगी। अगर एक भी कंपनी की टेक्नीकल बिड फेल होती है तो फाइनेंसियल बिड नहीं खुलेगी। टेंडर निरस्त कर दोबारा नए सिरे से लगाए जाएंगे। वर्जन
स्मार्ट सिटी के लिए दो कंपनियां सामने आई हैं। उनकी टेक्नीकल बिड खोल दी गई है। बुधवार को कंपनियां अपना प्रस्तुतिकरण देंगी, फिर फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी।
आरके श्रीवास्तव, नगर आयुक्त