One-Way : नही लगेगा जाम अब ऐसे शहर के अंदर आएंगी दिल्ली की रोडवेज बसे Bareilly News
दिल्ली व नैनीताल से आने वाली बसें अब शहर में चौपुला चौराहा होते हुए पुराना रोडवेज और सेटेलाइट नहीं आएंगी।
जेएनएन, बरेली : दिल्ली व नैनीताल से आने वाली बसें अब शहर में चौपुला चौराहा होते हुए पुराना रोडवेज और सेटेलाइट नहीं आएंगी। चौपुला पर बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए एसपी ट्रैफिक ने रोडवेज के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें रोडवेज बसों के मार्ग को वन-वे करने का निर्णय लिया गया। पिछले कई दिनों से चौपुला पर घंटों जाम की स्थिति रहती है। राहगीर परेशान होते हैं और शिकायत अधिकारियों तक पहुंच रही हैं।
यह लिया निर्णय : एसपी ट्रैफिक सुभाष गंगवार ने रविवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली डिपो व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रुहेलखंड डिपो के साथ बैठक की। बताया कि बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। चौपुला पर ओवरब्रिज का निर्माण भी हो रहा है। बसें सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक बड़ा बाईपास से पीलीभीत रोड होकर ही सेटेलाइट और पुराना बस स्टैंड हो कर ही आएं। सभी की सहमति के बाद रविवार शाम यह आदेश किया। आगरा और बदायूं जाने वाली बसों के चालकों को वाहन लाल फाटक होकर ले जाने के लिए कहा गया है।
यातायात व्यवस्था : शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे पर जाम ने राहगीरों की नाक में दम कर दिया है। हर रोज यहां लोग जाम से जूझ रहे हैं। रविवार को छुट्टी के दिन जब हर पांच मिनट में जाम लग रहा था तो आम दिनों में हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। यहां यातायात सिपाहियों के अलावा होमगार्डो की ड्यूटी भी रहती है, इसके बाद भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।
बार - बार लगता रहा जाम : रविवार को सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक चौपुला पर बार-बार जाम लगता रहा। यहां मौजूद यातायात कर्मी जब तक जाम खुलवाते तो दूसरी ओर जाम की स्थिति बन जाती। चौपला चौराहे से लेकर सिटी स्टेशन तक चार पहिया और दो पहिया वाहन फंस रहे थे। इसकी सबसे बड़ी वजह बेतरतीब चलने वाले ऑटो ओर टेंपो की अधिकता, जो जल्दी निकलने के फेर में गलत साइड से घुस रहे थे। एसपी ट्रैफिक सुभाष गंगवार ने बताया कि जाम की समस्या खत्म करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगा।
सेटेलाइट से श्यामगंज तक जाम : सेटेलाइट पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते यहां भी यातायात का खासा दवाब रहता है। रविवार को सेटेलाइट से श्यामगंज जाने वाले मार्ग पर भी कई बार जाम की स्थिति बनी। कई मार्गो से इस ओर यातायात आता है इसके चलते यहां वाहनों की संख्या अधिक रहती है। यहां हालात बेकाबू हों तो संभालने के लिए यातायात विभाग के कोई इंतजाम नहीं हैं।
प्रतिदिन हो रही जाम की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। चौपुला पर निर्माण कार्य के चलते समस्या आ रही है। अब नैनीताल और दिल्ली से आने वाली बसें बड़ा बाईपास होकर ही आएंगी। इससे वाहनों का दवाब कुछ कम होगा। -सुभाष गंगवार, एसपी ट्रैफिक
चौपुला पर निर्माण कार्य के कारण वन वे प्लान बना है। इसके अंतर्गत दिल्ली वाली बसें चौपुला से होकर जाएंगी। वापसी में बसें, पीलीभीत बाईपास होकर सैटेलाइट तक आएंगी। आगरा-बदायूं मार्ग की बसों का संचालन लाल फाटक से होगा। -चीनी प्रसाद, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज डिपो-बरेली