कुंभ मॉडल से निपटेगा शहर का कूड़ा, प्लान शासन को भेजा जाएगा
शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए नगर आयुक्त अब यहां भी कुंभ मॉडल अपनाएंगे।
जेएनएन, बरेली: शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए नगर आयुक्त अब यहां भी कुंभ मॉडल अपनाएंगे। पुख्ता कूड़ा निस्तारण के लिए एक्शन प्लान बनाकर जल्द शासन को भेजने की तैयारी है। इसके तहत पूरे शहर से न सिर्फ कूड़ा उठेगा बल्कि उसका सही निस्तारण भी होगा। कूड़ा उठाने से लेकर निस्तारण तक की मॉनीटरिग भी सख्ती के साथ कराई जाएगी।
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन पूर्व में सीडीओ प्रयागराज रह चुके हैं। वहां चल रहे कुंभ में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने भी काफी काम किया। वहां हालांकि तीन महीने के लिए ही व्यवस्था की गई, लेकिन सटीक व्यवस्था को वह यहां स्थायी तौर पर लागू करने की तैयारी में हैं। यहां शहर में घूमने के बाद उनका कहना है कि यहां कूड़ा निस्तारण व्यवस्थित तरीके से नहीं चल रहा है। कोई भी वाहन कहीं से कूड़ा उठा रहा है। छोटे वाहन भी डंपिंग साइट पर कूड़ा फेंक रहे हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन ठीक से नहीं चल रहा। जहां से यूजर चार्ज मिल जाता है, उन्हीं घरों का कूड़ा उठता है। वार्डो के आधे से अधिक घरों से कूड़ा नहीं उठ रहा।
इस तरह सुधरेगी व्यवस्था
नगर आयुक्त ने बताया कि कूड़ा उठान से लेकर निस्तारण तक की व्यवस्था को सुधारा जाएगा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन योजना प्रभावी ढंग से लागू कराई जाएगी। कूड़े के अलग-अलग कलेक्शन प्वाइंट बनेंगे। डस्टबिन से कूड़ा एक कलेक्शन प्वाइंट पर रिक्शे व छोटे वाहन लाएंगे। वहां से बड़े वाहनों से कूड़ा डंपिंग साइट पर जाएगा। वहां अनावश्यक वाहन नहीं जाएंगे। इस व्यवस्था पर अधिकारी व कर्मचारी पूरी निगरानी रखेंगे। कूड़ा निस्तारण प्लान नीचे तक कर्मचारियों को पहुंचाया जाएगा, जिससे वह उसी के अनुरूप कार्य करेंगे।
जल निकासी की समस्या होगी दूर
शहर में पानी की निकासी का कोई भी नेटवर्क नहीं है। कई जगह अधूरे नाले बने हुए हैं। इस कारण मुहल्लों में जलभराव हो रहा है। बिना बारिश भी जलभराव की समस्या बनी है। रास्तों पर पानी भरने से लोग परेशान हैं। बारिश होने पर स्थिति बिगड़ने की आशंका जता रहे हैं। समस्या से निपटने के लिए कूड़ा निस्तारण के साथ ही जल निकासी के लिए भी नगर आयुक्त प्लान बना रहे हैं। वर्जन
शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए कुंभ का मॉडल लाने की तैयारी है। जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए भी प्लानिंग की जा रही है। शहरवासियों को जल्द दोनों समस्याओं से निजात मिलेगी।
सैमुअल पॉल एन, नगर आयुक्त