छात्रा को खेत में खीचने वाले आरोपितों को ग्रामीणों ने ऐसे सिखाया सबक Bareilly News
एक गांव की दो छात्राएं स्कूल जा रहीं थीं। तभी रास्ते में शोहदे ने एक छात्रा को दबोच लिया। खींचकर खेत में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
जेएनएन, बरेली : एक गांव की दो छात्राएं स्कूल जा रहीं थीं। तभी रास्ते में शोहदे ने एक छात्रा को दबोच लिया। खींचकर खेत में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस बीच चीख पुकार सुनकर लोगों ने आरोपित को घेर लिया। पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से छात्राएं दहशत में हैं।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली दो छात्राएं सोमवार सुबह आठ बजे गांव से कस्बे के इंटर कॉलेज में पढऩे के लिए पैदल जा रही थीं। आरोप है कि तभी गांव लखनपुर निवासी विजेंद्र पाल पुत्र सत्येंद्र पाल रास्ते में उनसे अश्लील हरकतें करने लगा। विजेंद्र एक छात्रा को जबरन गन्ने के खेत में खींच ले गया।
उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया। छात्रा की सहेली चीखने लगी। इसी दौरान उसी रास्ते से छात्राओं के गांव का युवक जा रहा था। छात्रा की सहेली को रोते चीखते देखा तो इसका कारण पूछा। छात्रा ने बताया कि उसकी सहेली को युवक गन्ने के खेत में खींच ले गया है।
उसके गांव के युवक ने खेत में छात्रा को ढूंढना शुरू कर दिया, लेकिन वह नहीं मिली। कुछ देर बाद छात्रा रोती हुई गांव पहुंची और पूरी घटना बताई। जानकारी होने पर गांव वालों ने गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेर लिया। इसी बीच गांव के प्रधान ने पुलिस को सूचना दी।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंच पाती, तब तक गांव वालों ने आरोपित विजेंद्र पाल को पकड़ लिया। उसे जमकर पीटा। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
एंटी रोमियो टीम की सक्रियता पर उठ रहे सवाल
क्षेत्र में आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं। स्कूल कॉलेज आने वाली छात्राओं के साथ रास्ते में शोहदे छेड़छाड़ करते हैं। कुछ दिन पूर्व ही स्कूल जा रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इन घटनाओं से एंटी रोमियो की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि आरोपित को एंटी रोमियो टीम ने ही पकड़ा था। सूचना पर मौके पर पहुंची थी।
छात्रा को रास्ते से खींचकर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
-अश्विनी कुमार, इंस्पेक्टर, फतेहगंज पूर्वी