Smart City Bareilly में जेल बनेंगी पर्यटन स्थल, दीवारें सुनाएंगी अमर क्रांतिकारियों के शौर्य की गाथा
करीब सात करोड़ की लागत से जेल गेट की ओर नई दीवार पर्यटकों के लिए बैठने का हाल व प्रसारण के लिए विशेष तरह के परदे लगाए जाएंगे। दीवार पर लगी परदे पर अमर क्रांतिकारियों की अमृतगाथा का बखान किया जाएगा।
बरेली, जेएनएन। आजादी की लड़ाई में प्रतीक बनकर निकलने वाले वीरों का गुणगान नई पीढ़ी नए अंदाज में करेगी। इसके लिए जर्जर पड़ी पुरानी जेल की दीवार को तैयार किया जा रहा है जहां लेजर लाइट व साउंड शो के जरिए आजादी के कर्णधारों के योगदान का बखान होगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जेल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब सात करोड़ की लागत से जेल गेट की ओर नई दीवार, पर्यटकों के लिए बैठने का हाल व प्रसारण के लिए विशेष तरह के परदे लगाए जाएंगे। दीवार पर लगी परदे पर अमर क्रांतिकारियों की अमृतगाथा का बखान किया जाएगा। जून के पहले सप्ताह तक पर्यटक यहां विशेष आकर्षण वाले लेजर लाइट व साउंड शो का आनंद उठा सकेंगे। इसमें शहर के इतिहास के साथ रुहेलखंड के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन से जुड़ी घटनाओं को दिखाया जाएगा।
डर नहीं देशभक्ति की बहेगी बयार: जेल का नाम आते ही एक बार लोग डर जाते हैं। क्याेंकि यहां तमाम प्रकार के अपराधियों को कैद कर रखा जाता है। लेकिन अब जर्जर हो चुकी जिले की पुरानी जेल को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जा रहा है। अब यहां डर नहीं देशभक्ति की बयार बहेगी। इसके लिए दीवार को आकर्षक रंग विरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। रात भर में कई शो हाेंगे। हर शो के लिए अलग-अलग रेट भी तय किए जाएंगे। हाल में करीब सौ से अधिक लोग बैठ सकेंगे। जेल की दीवार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की अमृतगाथा दिखाने का उद्देश्य लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना भरना है।
स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास से रुबरु होगी नई पीढ़ी: स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में रुहेलखंड का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। वर्ष 1857 की क्रांति खान बहादुर खान की अगुवाई में ही अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह हुआ था। स्मार्ट सिटी के अफसरों के अनुसार खान बहादुर खान के साथ अशफाक उल्ला खां, मौलाना मोहम्मद अली जौहर समेत रुहेलखंड के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सूची तैयार की जा रही है।
क्या बोले अधिकारी
वतन के नाम पर बलिदान होने क्रांतिकारियों के इतिहास से नई पीढ़ी रुबरु हो इसका प्रयास किया जा रहा है। पुरानी जेल दीवार को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जा रहा है। भूपेश कुमार सिंह, वरिष्ठ महाप्रबंधक
शहर के इतिहास व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवनगाथा से सभी परिचित हों इसके लिए पुरानी जेल के गेट से सटी दीवार को पर्यटन स्थल के रुप में तैयार किया जा रहा है। यहां से भारत मां के वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जाएगी। जून के पहले सप्ताह से लोग लेजर शो का आनंद उठा सकेंगे। अभिषेक आनंद, सीईओ, स्मार्ट सिटी कंपनी।