डरा रहा बरेली के अस्पतालों में मौत का आंकड़ा, यहां देखें कोरोना काल में कितने की हो गई मौत
कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हुई है लेकिन मौत का आंकड़ा डरा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का आंकड़ा कुछ भी दिखा रहा हो लेकिन नगर निगम के जन्म-मृत्यु कार्यालय के आंकड़ों में काफी अंतर पता चल रहा है।ऐसा नहीं कि सभी मौतें कोरोना से हुई लेकिन आंकड़े डरावने हैं।
बरेली, जेएनएन। कोरोना का दौर तमाम लोगों को दर्द दे गया। अप्रैल में पीक पर पहुंची महामारी के अब तक लोग शिकार हो रहे हैं। संक्रमितों की संख्या कम हुई है, लेकिन मौत का आंकड़ा डरा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का आंकड़ा कुछ भी दिखा रहा हो, लेकिन नगर निगम के जन्म-मृत्यु कार्यालय के आंकड़ों में काफी अंतर पता चल रहा है। ऐसा नहीं कहेंगे की सभी मौतें कोरोना संक्रमण से हुई, लेकिन अचानक ग्राफ में आई तेजी कान खड़े करने को मजबूर कर रही है। पिछले साल की तुलना करें तो मई में अस्पतालों में होने वाली मौतों की संख्या सर्वाधिक रही है।
करीब तीन हजार अधिक हुई मौतें : वर्ष 2020 के अप्रैल माह में कोरोना की पहली लहर शुरू हो चुकी थी। उस वक्त पूरे महीने में करीब तीन सौ लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद मई में शहर में करीब चार सौ लोगों ने दम तोड़ा। दोनों महीनों में करीब सात सौ लोगों का निधन हुआ। दोनों वर्षों के तुलनात्मक आंकड़े से पता चला कि अप्रैल 2021 में साढ़े तीन गुना मौतें अधिक हुई। इस माह एक हजार से अधिक लोग मौत के मुंह में समाए। मई में यह आंकड़ा 26 सौ से अधिक हो गया। पिछले साल जहां सात सौ मौतें गिनी गई थी, इस साल दो महीने में 36 सौ से ज्यादा पहुंच गई हैं।
अस्पतालों में नौ गुना से अधिक बढ़ा मौत का आंकड़ा : पिछले साल दोनों महीने में अस्पताल में होने वाली मौतों की संख्या कम थी, जबकि घरों में अधिक लोगों ने दम तोड़ा था। वर्ष 2021 के अप्रैल और मई में पिछले साल से पांच गुना से अधिक मौतों में इजाफा हुआ है। इन महीनों में अस्पताल में मरने वालों की संख्या अधिक है, जबिक घरों में दम तोड़ने वाले कम हैं। पिछले साल दो महीने में अस्पतालों में 337 लोगों ने दम तोड़ा। इस साल यह आंकड़ा बढ़कर दो हजार से अधिक हो गया। मई में मरने वालों की संख्या तो पिछले साल से नौ गुना अधिक हो गई। पिछले साल घरों में 362 लोगों की मौत हुई जो इस साल बढ़कर 16 से अधिक हो गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी : नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में अप्रैल और मई के महीने में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। मई में सर्वाधिक मौतें हुई हैं। अस्पतालों में मौत का आंकड़ा भी बढ़ा है।
नगर निगम के मौत के आंकड़े
2020 (मृत्यु) - कुल - अस्पताल में - घर में
अप्रैल - 297 - 181 - 116
मई - 402 - 156 - 246
2021 (मृत्यु) - कुल - अस्पताल में - घर में
अप्रैल - 1034 - 600 - 434
मई - 2647 - 1416 - 1231