14 करोड़ से बदलेगी सड़कों की सूरत
नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद करीब दो साल बाद शहर की सूरत बदलने जा रही है। स्मार्ट सिटी के तहत जारी 50 करोड़ रुपये के बजट से 14 करोड़ 21 लाख रुपये सड़कों के चौड़ीकरण व प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने पर खर्च किया जाएगा
शाहजहांपुर, जेएनएन। नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद करीब दो साल बाद शहर की सूरत बदलने जा रही है। स्मार्ट सिटी के तहत जारी 50 करोड़ रुपये के बजट से 14 करोड़ 21 लाख रुपये सड़कों के चौड़ीकरण व प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने पर खर्च किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने स्मार्ट सिटी के तहत कराए जाने वाले प्रमुख विकास कार्यों का खाका तैयार कर लिया है। जिसमे जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जेल रोड समेत चार प्रमुख मार्गों को चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने कार्य योजना भी तैयार कर ली गई है।
अतिक्रमण हटाने के लिए चलेगा अभियान
सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटवाएगा। इसके लिए टीमों का गठन भी किया जाएगा। टीम के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में कच्चा व पक्का अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
अधिकांश लाइटें खराब
मौजूदा समय में शहर के प्रमुख मार्गों पर अधिकांश लाइटें खराब है। लेकिन स्मार्ट सिटी के तहत तैयार कराए गए प्लान के मुताबिक लाइटों पर सबसे पहले काम शुरू होगा। खराब लाइटों को हटवाकर नये लाइटें लगेगी।
बनेंगे डिवाइडर
हादसों को रोकने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर भी बनवाए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के पास रहेगी। यह कार्य भी दिसंबर या जनवरी माह से शुरू हो जाएंगे।
विकास कार्यों की कार्ययोजना को तैयार कर लिया गया है। जल्द काम शुरू हो जाएगा। अतिक्रमण को बताया जा रहा है कि वह स्वयं ही अतिक्रमण हटा ले।
संतोष शर्मा, नगर आयुक्त