UP Police : घर से भागकर किशोरी ने ससुर से बचाई अस्मत, पुलिस ने किया ससुर के हवाले Bareilly News
मजदूरी करने के लिए दिल्ली गया तो ससुर उससे दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। कई दिन ऐसी हरकत की तो परेशान किशोरी बचकर भाग निकली।
जेएनएन, बरेली : शादी के नाम पर गोरखपुर से खरीदकर लाई गई किशोरी की दस साल बड़े युवक से शादी करा दी गई। पति मजदूरी करने के लिए दिल्ली गया तो ससुर उससे दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। कई दिन ऐसी हरकत की तो परेशान किशोरी बचकर भाग निकली। मगर, स्टेशन तक ही पहुंच सकी थी कि पीछा कर आए परिवार के अन्य सदस्य उसे खींचकर ले जाने लगे। हंगामा होने पर पुलिस पहुंची मगर उस किशोरी का दर्द किसी ने नहीं सुना। पुलिस वालों ने पारिवारिक कलह बताकर उसे दोबारा उसी ससुर के सुपुर्द कर दिया जो लगातार दुष्कर्म का प्रयास कर रहा।
नब्बे हजार रुपये देकर बेटे से कराया विवाह : किशोरी ने उन्हें बताया कि वह गोरखपुर की रहने वाली है। चार महीने पहले ग्राम सुतेरा व प्रह्लादपुर के कुछ लोग उसके जान पहचान वालों के साथ घर आए थे। परिजनों से कहा कि बेटी का रिश्ता बरेली जिले में तय करा देंगे, बदले में नब्बे हजार रुपये भी मिलेंगे। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है इसलिए उन्होंने हामी भर ली। इसके बाद वे लोग रुपये देकर मुझे यहां ले आए। तीन दिन रखा, इसके बाद गांव में रहने वाले दस साल बड़े युवक से शादी करा दी। उससे नब्बे हजार से भी ज्यादा रुपये उन लोगों ने लिए थे।
आरोप लगाने के बाद भी परिजनों को सौंपा : किशोरी का कहना है कि आठ दिन पहले उसका पति मजदूरी करने दिल्ली गया। इसके बाद से ही ससुर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा है। सुबह-शाम अश्लील हरकतें करता। मंगलवार को भी ऐसा प्रयास किया। बुधवार को वह किसी तरह घर से भाग निकली। गोरखपुर जाने के लिए स्टेशन पहुंच गई। भनक ससुराल वालों को लगी तो एक महिला व तीन अन्य लोग पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। जबरन वापस ले जाने लगे तो हंगामा हो गया। कुछ भाजपाई भी वहां पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को थाने ले आई। बाद में पुलिस ने किशोरी को उन्हीं लोगों के सुपुर्द कर दिया, जिन पर आरोप था। उसे दोबारा ससुर के घर में ही भेज दिया गया।
वह घर से नाराज होकर स्टेशन चली गई थी। बातचीत के बाद वह उन लोगों के साथ जाने को राजी हो गई। इसके बाद ही उसे ससुराल वालों के सुपुर्द कर दिया गया था।
-राजेश कुमार, थानाध्यक्ष बिसारतगंज