दिल्ली से लापता किशोरी बरेली कचहरी में मिली, कर रही थी कोर्ट मैरिज की तैयारी
दिल्ली से लापता किशोरी सोमवार को दूसरे संप्रदाय के युवक के साथ कचहरी में मिली। कोर्ट मैरिज के लिए उसके फर्जी कागज तैयार किए जा रहे थे इतने में हिदुत्ववादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।
बरेली, जेएनएन: दिल्ली से लापता किशोरी सोमवार को दूसरे संप्रदाय के युवक के साथ कचहरी में मिली। कोर्ट मैरिज के लिए उसके फर्जी कागज तैयार किए जा रहे थे, इतने में हिदुत्ववादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। लव जेहाद का आरोप लगाते हुए युवक व उसके मां, पिता को घेर लिया। अफरातफरी के बीच युवक तो भाग निकला, मगर उसके मां, पिता और किशोरी को पुलिस ने महिला थाने में बैठा लिया है। किशोरी के भाई को बुलाया गया है।
दिल्ली के बदरपुर क्षेत्र में किशोरी अपने भाई के साथ रहती थी। कुछ दिन पहले वह घर छोड़कर चली गई, जिसकी गुमशुदगी वहां थाने में दर्ज है, जिसमें उसे नाबालिग बताया गया है। बाद में पता चला कि एक साल पहले उसका फतेहगंज पश्चिमी निवासी दूसरे संप्रदाय के अरबाज से परिचय हुआ था। सोमवार को अरबाज अपने मां, पिता और किशोरी के साथ कचहरी पहुंचा। आरोप है कि वह फर्जी कागजों के जरिये कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रहा था। कागज तैयार कराते वक्त एक हिदुत्ववादी संगठन से जुड़े युवक को भनक लगी तो उसने दोनों का नाम-पता पूछना शुरू किया। इतने में हिदुत्ववादी संगठन के लोगों की भीड़ लगने लगी। हंगामा हो गया। लव जेहाद का आरोप लगाते हुए युवक को घेर लिया गया। मामला बढ़ता देख वह मौके से खिसक लिया।
किशोरी को पहचानने से भी किया इन्कार
भीड़ ने अरबाज के मां, पिता से किशोरी के बारे में पूछा तो उन्होंने पहचानने से इन्कार कर दिया। इस बीच पुलिस आ गई। तब दंपती ने माना कि वे अरबाज के साथ इस किशोरी को लेकर आए थे। इस बीच पहुंची पुलिस सभी को एसएसपी कार्यालय ले गई। वहां किशोरी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दिल्ली फोन किया गया।
मेरी मौत के जिम्मेदार तुम सब होगे
एसएसपी आफिस में किशोरी ने बताया कि उसके मां-बाप और बहन की मौत हो चुकी है। कहा कि यदि अरबाज से मेरी शादी नहीं नहीं हुई तो जान दे देगी। इसके जिम्मेदार हंगामा करने वाले होंगे।
दूसरी ओर हिदुत्ववादी संगठन से जुड़े लोगों का कहना था कि किशोरी को डरा धमकाकर वहा लाया गया है। इसके बाद इसका सौदा कर दिया जाता।
---
लड़की की गुमशुदगी दिल्ली में दर्ज है। वहां की पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। फिलहाल दंपती और किशोरी को महिला थाने में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के आने पर उन्हें सौंप दिया जाएगा। दंपती का बैकग्राउंड भी चेक किया जा रहा है।
- छवि सिंह, इंस्पेक्टर, महिला थाना