दिन में तपिश, शाम को आंधी के साथ बूंदाबादी
आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तल्ख होंगे।
By Edited By: Published: Fri, 26 Apr 2019 12:46 AM (IST)Updated: Fri, 26 Apr 2019 09:59 AM (IST)
जेएनएन, बरेली: आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तल्ख होंगे। न्यूनतम तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ेगी। धूल भरी तेज हवाएं चलेंगी। इससे वातावरण में धुंध छा सकती है। गुरुवार को दिन में तापमान 40 के पार पहुंचा, जिससे लोग गर्मी से परेशान हुए। शाम में आंधी के साथ ही बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम का मिजाज बदला। शहर की बिजली सप्लाई भी ठप हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ऐसा मौसम अगले दो से तीन दिन तक रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाह ने बताया कि आने वाले दिनों में हवाओं की गति तेज रहेगी, जिससे धूल भरी आंधी चलेंगी। वातावरण में धूल की धुंध भी छाने की आशंका है, जिससे दिन का अधिकतम तापमान कम हो सकता है, लेकिन रात का न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। इससे लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा अब गर्मी लगातार बढ़ेगी। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। तेज धूप से लोगों का बाहर निकलना मुहाल रहा। वहीं देर शाम 7.30 बजे के बाद एकाएक धूल भरी आंधी चली। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। आंधी पानी से ठप हुई बिजली शहर में आंधी शुरू होते ही बिजली विभाग के अफसरों ने सप्लाई बंद करा दी, जिससे तार आदि टूटने पर कोई बड़ा हादसा नहीं हो। ज्यादातर क्षेत्रों में आंधी रूकते ही बिजली सप्लाई चालू हो गई, जबकि कुछ मुहल्लों में आधी रात तक समस्या बनी रही। तथ्य: - गुरुवार को पारा पहुंचा 40 के पार, आंधी से ठप हुई बिजली सप्लाई - मौसम वैज्ञानिक बोले, न्यूनतम तापमान बढ़ने से बढ़ेगी गर्मी
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें