कड़े पहरे में ईवीएम, त्रिस्तरीय सुरक्षा में स्ट्रांग रूम
मतदान के बाद ईवीएम को कड़े पहरे में परसाखेड़ा स्थित राज्य भंडारण निगम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा
जेएनएन, बरेली : मतदान के बाद ईवीएम को कड़े पहरे में परसाखेड़ा स्थित राज्य भंडारण निगम में बनाए गए स्ट्रांग रुम में रखा जाएगा। स्ट्रांग रुम सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के कड़े पहरे में होगा। जिसकी त्रिस्तरीय सुरक्षा होगी। पहले स्तर पर सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की एक प्लाटून तैनात की जाएगी। जबकि दूसरे स्तर पर राज्य पुलिस बल होगा। जबकि तीसरे स्तर पर जिला कार्यकारी बल तैनात रहेगा। जो 24 घंटे ईवीएम की पहरेदारी करेगा। स्ट्रांग रुम में केवल एक दरवाजा होगा। अगर कोई दूसरा दरवाजा होता है तो उसे बंद कर दिया जाएगा। जबकि स्ट्रांग रुम के ताले की एक चाबी स्ट्रांग रुम के प्रभारी और एक किसी ऐसे अधिकारी को जो अपर जिला दंडाधिकारी से कम नही होगा। जो उसके देखरेख के लिए नियुक्त किया जाएगा। स्ट्रांग रुम सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। जबकि एक कंट्रोल रुम उसी के पास बनाया जाएगा। जो स्ट्रांग रुम की सुरक्षा की देखरेख करेगा। वहीं स्ट्रांग रुम की सुरक्षा के लिए एक पुलिस अधिकारी और एक राजपत्रित अधिकारी को भी तैनात किया जाएगा। जबकि स्ट्रांग रुम की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रत्याशियों को भी सूचित किया जाएगा। जिससे वह अपने प्रतिनिधियों को नियुक्ति कर सकें। इसके लिए स्ट्रांग रुम की बाह्यं परिधि में एक टेंट लगाने की अनुमति दी जाएगी।
विधानसभा वार रखी जाएंगी ईवीएम
स्ट्रांग रुम में सभी ईवीएम विधानसभा वार रखी जाएंगी। इसके लिए पहले से ही सभी विधानसभाओं की ईवीएम के लिए क्रमानुसार जगह आरक्षित की जा चुकी है। ईवीएम को किस जगह पर रखा जाएगा। इसके लिए पहले से ही प्लान मैनेजमेंट तैयार किया जा चुका है।
कितनी ईवीएम का इस्तेमाल
3427 बूथों के लिए 5317 बैलेट यूनिट प्रयोग हो रही है। जबकि 3427 कंट्रोल यूनिट और 3427 वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है। आंवला लोकसभा में जहां हर बूथ पर एक ईवीएम मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं बरेली लोकसभा में हर बूथ पर दो ईवीएम इस्तेमाल होंगी।