बरेली में ग्रामीण करते रहे शिकायत , आदमखाेर कुत्ताें ने ली आठ साल की बच्ची की जान
बरेली में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने शुक्रवार को हमला कर आठ साल की बच्ची की जान ले ली। वहीं उसकी बहन को ग्रामीणों ने बचा लिया।
बरेली जेएनएन। बरेली में आदमखाेर कुत्तों के एक झुंड ने शुक्रवार को हमला कर आठ साल की बच्ची की जान ले ली। वहीं उसकी बहन को ग्रामीणों ने बचा लिया। घटना उस वक्त घटी जब मासूम अपनी बहन के साथ शौच क्रिया के लिए खेत पर जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आवारा कुतों का बहुत आतंक है। वह कई बार शिकायत कर चुके है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल घटना के बाद से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है।
घटना बंडिया गांव की है। जहां रहने वाले दिनेश कुमार उर्फ बड़े तांगा चालक हैं। उन्होंने बताया कि सुबह उनकी दोनों बच्चियां शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक आधा दर्जन से अधिक आदमखोर कुत्तों ने उनकी बच्चियों पर हमला कर दिया। जिसमें रोहनी (8) को आदमखोर कुत्तों ने बुरी तरह नोच- नोच कर घायल कर दिया। बच्चियों की चीख-पुकार सुन आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया।
लेकिन तब तक आदमखोर कुत्तो ने बच्ची को बुरी तरीके से घायल कर चुके थे। जबकि रोहनी की बड़ी बहन रोशनी को किसानों ने किसी तरह बचा लिया। सूचना पर बच्ची के पिता दिनेश भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल ले जाने के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी पत्नी निर्मला की मौत कई वर्ष पूर्व हो हो चुकी है। घर में सिर्फ दो बेटियां ही है। घर की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। मृतक बच्ची गांव में ही सरकारी स्कूल में कक्षा द्वितीय की छात्रा है।
बंडिया गांव में मटन और चिकन के दुकानों की भरमार है। वही गांव के बाहर पोट्री फॉर्म भी है। कूड़े के ढेर पर जगह-जगह मीट के अवशेष पड़े रहते हैं। कुत्ते मीट के अवशेषों को खा-खा कर आदमखोर होते जा रहे हैं।
गांव में आदमखोर कुत्तों का आतंक व्याप्त है। लोग अपने छोटे बच्चों को घर से बाहर भेजने में डरते हैं। गांव में आदमखोर कुत्ते पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। एक महीना पूर्व ही कुत्तों ने गांव में ही रहने वाले 8 वर्षीय लक्की को अपना शिकार बनाकर घायल कर दिया था।
सभासद से लेकर ग्रामीणों ने आदमखोर कुत्तों की शिकायत नगर निगम से की है। लेकिन अब तक कोई कारवाई नही हुई। अगर नगर निगम चेत जाता तो शायद बच्ची की जान नही जाती।
नगर निगम मे कई बार बंडिया गांव के आदमखोर कुत्तों को लेकर शिकायत की है। लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज की घटना से महापौर को अवगत करा कर जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे। धर्मवीर साहू, मथुरापुर वार्ड सभासद