केंद्रीय मंत्री से मिले सपा नेता, व्हाट्सएप पर छिड़ी जंग Bareilly News
सपा के टिकट पर पार्षदी लड़ चुके नेता भी लखनऊ जाने को स्टेशन पर थे। उन्होंने पार्टी नेताओं को मंत्री से बात करते देख लिया। इसे सपा महानगर के उस ग्रुप में वायरल कर दिया।
बरेली, जेएनएन : केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार का रेलवे स्टेशन पर कुछ सपा नेताओं ने स्वागत किया। यहां तक तो ठीक था, इसकी पोस्ट वाट्सएप ग्रुप में वायरल होने पर तकरार शुरू हो गई। ग्रुप पर ही सपाइयों के बीच तीखी बहस हुई। जिनके मंत्री से मिलने की बात कही जा रही, उन्होंने ही सफाई दी तब लंबी बहस पर विराम लगा। हालांकि, तकरार बरकरार है।
मामला दो दिन पुराना बताया जा रहा है। जाते समय सपा के एक पार्षद और एक पार्षद के भाई ने दिल्ली जा रहे केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की थी। उसी दौरान मढ़ीनाथ से सपा के टिकट पर पार्षदी लड़ चुके नेता भी लखनऊ जाने को स्टेशन पर थे। उन्होंने पार्टी नेताओं को मंत्री से बात करते देख लिया। इसे सपा महानगर के उस ग्रुप में वायरल कर दिया। इसी के बाद बहस शुरू हो गई।
पोस्ट डालने वाले ने दो नाम भी सार्वजनिक किए। उनकी सफाई भी आने लगी कि मंत्री का स्वागत करने नहीं, बल्कि ताजुश्शरिया के उर्स को लेकर उनसे बात करने के लिए गए थे। ग्रुप एडमिन ने भी ऐसी किसी बात से साफ इन्कार किया है। उनका कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं है। बिना मतलब मामले को तूल दिया जा रहा है।