राइफल लेकर दबंगई दिखाने पहुंचा सपा नेता कानून के शिकंजे में फंसा Bareilly News
भूखंड पर निर्माण करा रहे प्लॉट मालिक पर रायफल से फायरिंग की। तमंचे की बट से मारकर मजदूरों को जबरन भगा दिया।
बरेली, जेएनएन : इज्जत नगर की आशुतोष कॉलोनी में रविवार सुबह एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर सपा नेता और उनके रिश्तेदारों ने जमकर दबंगई की। आरोप है कि भूखंड पर निर्माण करा रहे प्लॉट मालिक पर रायफल से फायरिंग की। तमंचे की बट से मारकर मजदूरों को जबरन भगा दिया। पीड़ित की तहरीर पर इज्जत नगर पुलिस ने सपा नेता, उनके मामा सहित 85 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
इज्जतनगर के वीरसावरकर नगर निवासी सुमित कुमार ने बताया कि उनका आशुतोष कॉलोनी प्लॉट है। रविवार सुबह 10:30 बजे वह प्लाट पर काम करा रहे थे। इसके लिए उन्हें कोर्ट के साथ डीएम की भी अनुमति मिल चुकी है। सुमित का आरोप है कि इसके बावजूद विधान सभा का चुनाव लड़ चुके सपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अगम मौर्य अपने मामा ललित मौर्य व 85 अन्य लोगों के साथ रायफल, रिवाल्वर व तमंचे लहराते हुए पहुंचे। इन लोगों ने प्लॉट में चल रहा काम जबरन रुकवाया। मजदूरों को तमंचे के बट से पीटकर भगा दिया। हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। विरोध करने पर उन पर भी रायफल से गोली चलाई, जिसमें वह बाल-बाल बचे। पुलिस जब तक पहुंची तो सभी भाग चुके थे।
आसपास के लोगों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनी थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जत नगर
मैं घटना के बाद पहुंचा था, प्लाट मेरे मामा का है और जबरन कब्जा किया जा रहा है। सभी आरोप निराधार है। - अगम मौर्य, सपा नेता
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप