बदायूं दुष्कर्म हत्याकांड में एसओ और दारोगा पर मुकदमा, मुख्य आरोपित सत्यनारायण हुआ गिरफ्तार
उघैती में महिला से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के मामले में लापरवाही पाए जाने पर निलंबित एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह व दारोगा अमरजीत पर गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुख्य आरोपित महंत सत्यनारायण भी गिरफ्तार हो गया है
बरेली जेएनएन। Badaun Gang Misdeed Murder Case : बदायूं के उघैती में महिला से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के मामले में लापरवाही पाए जाने पर निलंबित एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह व दारोगा अमरजीत पर गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुख्य आरोपित महंत सत्यनारायण भी गिरफ्तार हो गया है। ग्रामीणों ने देखा तो पकड़ लिया, इसके बाद पुलिस बुला ली। एडीजी अविनाश चंद्र ने बताया कि जांच के लिए जोन स्तर पर भी एक टीम गठित की है।
रविवार को उघैती क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली आंगनबाड़ी सहायिका धर्मस्थल में पूजा करने गई थीं। वहीं सत्यनारायण, उसके शिष्य वेदराम व जसपाल ने दुष्कर्म किया। महिला के निजी अंगों को लोहे की राड से चोट पहुंचाई, अधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई। बुधवार को आरोपित वेदराम व जसपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की सूचना 17 घंटे तक छिपाने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद एसओ और दारोगा के खिलाफ धारा 166 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रात 11 बजे गांव से ही फरार महंत सत्यनारायण को भी गिरफ्तार कर लिया। वह शिष्य के घर में ही छिपा था। उसे शरण देने वाले युवक को भी पुलिस थाने उठा लाई है।
गांव में ही छिपा था सत्यनारायण
सोमवार से मुख्य आरोपित सत्यनारायण धर्म स्थल से फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस टीमें उत्तराखंड, बरेली, चंदौसी, कासगंज में दबिश देती रहीं। जबकि वह उसी गांव में छिपा रहा। गुरुवार रात करीब 10 बजे पुलिस को पता चला कि वह किसी चेले के घर में छिपा है। रात करीब 11 बजे दबिश देकर मुख्य आरोपित सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शरण देने वाले युवक को भी पुलिस थाने लेकर आई है।
तत्कालीन एसओ और एक दारोगा पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों ने सूचना के बावजूद लापरवाही बरती।- अविनाश चंद्र, एडीजी