Loksabha Election 2019: स्मृति ईरानी ने कहा- रामलला के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले, अब अयोध्या घूम रहे हैं
बदायूं की जनसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बिना नाम लिए प्रियंका गांधी के अयोध्या दौरे को कठघरे में खड़ा किया।
जेएनएन, बदायूं: भाजपा की स्टार प्रचारक एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जो लोग रामलला के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे वह अब भक्त बने घूम रहे हैं। उन्होंने बगैर नाम लिए प्रियंका गांधी के अयोध्या दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति देखिए, वह अयोध्या तक तो गईं लेकिन वोट बैंक के भय से रामलला के सामने सिर तक नहीं झुकाया।
वह शनिवार को आंवला सीट से लोकसभा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के चुनाव प्रचार के लिए मारूति लॉन में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करने आई थीं। उन्होंने पहले मोदी सरकार की उज्जवला, सौभाग्य, आवासीय, जनधन योजना व किसान सम्मान निधि योजना का गुणगान करते हुए वोट सहजने की कोशिश की। इसके बाद कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि मोदी और योगी राज का जलवा देखिए... जो लोग कांग्रेस की सरकार में न्यायालयों में दस्तावेज देते थे कि भगवान राम का अस्तित्व नहीं है, वही अब भक्त बनकर घूम रहे हैं। जो लोग विदेश की यात्रा करते थे वह अब गंगा मैया के दर्शन करने निकले हैं। जो लोग देश को भ्रष्टाचार का विष देते थे, आज शिव की महिमा का गुणगान कर रहे हैं। लेकिन ऐसे लोगों की राजनीति देखिए... जो अयोध्या तक गए, पर रामलला के सामने सिर नहीं झुकाया। कहा कि जो वोटबैंक खराब होने के डर के चलते रामलला को प्रणाम करने की हिम्मत नहीं रखता वह भक्तों का वोट कभी नहीं पा पाएगा।