Budaun News: आंवला सांसद की साली पर मानहानि और धमकाने के आरोप में मुकदमा
Budaun में युवक ने अपनी चाची के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मानहानि करने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। युवक की चाची आंवला सांसद की साली है। आरोप है कि फेसबुक पर उसे अपमानित करते हुए पोस्ट की थी।
बदायूं, जागरण संवाददाता: शहर के नेकपुर मुहल्ले में रहने वाले विकास कश्यप ने अपनी चाची और आंवला सांसद की साली के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मानहानि करने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उनकी चाची उसकी जमीन हड़पना चाहती हैं, इसके चलते आए दिन उनके खिलाफ षड़यंत्र करती रहतीं हैं। बीते वर्ष मई माह में फेसबुक पर उसे अपमानित करते हुए पोस्ट की थी। जिसमें उसे नशेड़ी और गुंडा बताया गया था। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के डीएम रोड नेकपुर निवासी विकास कश्यप ने बताया कि उनकी चाची कविता कश्यप आंवला सांसद की साली हैं। आंवला का क्षेत्र बदायूं में भी पड़ता है। इसके चलते चाची कविता के आवास पर ही सांसद कैंप कार्यालय का बोर्ड लगा हुआ है।
विकास का आरोप है कि चाची कविता उसकी जमीन हड़पना चाहती हैं। इसके चलते वह आए दिन अधिकारियों के यहां और मुख्यमंत्री पोर्टल पर आनलाइन शिकायत करती रहतीं हैं। बताया कि चाची उनके खिलाफ पूर्व में मुकदमा भी दर्ज करा चुकी हैं। इसी बीच मई 2021 को चाची कविता ने अपने पति मुकेश कश्यप की फेसबुक आईडी से एक पोस्ट की जिसमें लिखा कि उनके पति गंभीर बीमारी पीड़ित हैं, विकास कश्यप नशेड़ी गुंडा है उसके कारण वह अपना मकान बेच रही हूं।
इस पोस्ट की जानकारी होने पर विकास ने मानहानि और गलत आरोप लगाने संबंधित शिकायत थाना पुलिस और एसएसपी से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश सिविल लाइंस पुलिस को दिए।
पुलिस ने कविता कश्यप उनके पति मुकेश कश्यप और एक अज्ञात के खिलाफ मानहानि करने, धमकी देने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हो गया है। जांच शुरू कर दी गई है।