अब बीएड वाले बताएं दाखिले का आधार
जागरण संवाददाता, बरेली : रुहेलखंड विश्वविद्यालय के ऑनलाइन और एंट्रेंस एडमिशन सिस्टम को तोड
जागरण संवाददाता, बरेली : रुहेलखंड विश्वविद्यालय के ऑनलाइन और एंट्रेंस एडमिशन सिस्टम को तोड़कर कॉलेजों द्वारा सीधे दाखिला लेने के मामले सामने आने के बाद विवि के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। लॉ और एमएससी के बाद अब रुविवि ने बीएड कॉलेजों का रुख किया है, ये जानने को कि उन्होंने किस आधार पर दाखिले किए हैं। सोमवार को कुलसचिव अशोक कुमार अरविंद की ओर से कॉलेजों के लिए वेबसाइट पर एक प्रपत्र जारी किया गया है। इसमें विवि ने प्रवेश के पैरामीटर तय किए हैं, यानी कॉलेज ने वर्ष 2017 की काउंसलिंग से कितने प्रवेश किए हैं। काउंसलिंग के अलावा सीधे कितने एडमिशन लिए गए हैं। कॉलेज वाले ओपन रैंक या प्रवेश के दूसरे आधार पर एक हार्ड और सॉफ्ट सूची विवि को देंगे। कुलसचिव अशोक कुमार अरविंद ने कहा कि सभी कॉलेज आठ जनवरी तक हर हाल में प्रवेश की डिटेल उपलब्ध करा दें। सूत्रों की मानें तो इसमें भी एक दो कॉलेजों में गड़बड़ी की आशंका पर प्रवेश का ब्योरा मांगा गया है, ताकि पड़ताल में ये आशंका खत्म हो जाए।
बीएलएड की अटकी जांच
-रुविवि में शैक्षिक सत्र 2016-17 में बीएलएड में प्रवेश पाने वाले छात्रों के खेल प्रमाण पत्रों की जांच अभी भी अटकी है। दरअसल, विवि ने सत्र 2015-16 के करीब 50 से अधिक छात्रों के खेल प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर रिजल्ट रोक रखा है। साथ ही वर्ष 2016-17 के प्रवेश की जांच के निर्देश दिए थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।