श्यामगंज मंडी में नहीं हो रहा लॉक डाउन का पालन, सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे
प्रशासन की तमाम कोशिशाें के बाद भी श्यामगंज मंडी में लॉक डाउन का पालन नहीं हो पा रहा है। बाजार में भारी भीड़ जुट रही है जबकि शारीरिक दूरी का बिल्कुल भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है।
बरेली, जेएनएन। प्रशासन की तमाम कोशिशाें के बाद भी श्यामगंज मंडी में लॉक डाउन का पालन नहीं हो पा रहा है। बाजार में भारी भीड़ जुट रही है, जबकि शारीरिक दूरी का बिल्कुल भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है। जिसने पुलिस की चुनौती बढ़ा रखी है। पुलिस ने मंगलवार को लाठी फटकार कर मंडी को खुलने नहीं दिया था। जिसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम से मुलाकात की थी।
उनका आरोप था कि बारादरी पुलिस ने सुबह पांच बजे ही दुकानों को बंद करवा दिया। जबकि प्रशासन पूरे दिन बाजार खोलने की बात कहता है। व्यापारियों ने साफ कह दिया था कि पुलिस ऐसे ही व्यापारियों को मारती रही तो बाजार बंद कर देंगे। इस पर डीएम ने सुबह दस से शाम छह बजे तक बाजार खोलने के निर्देश दिए थे। इस दौरान दुकानदारों को शारीरिक दूरी का पालन करने और सैनिटाइजर का भी प्रयोग सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए थे। मगर बुधवार को बाजार खुले तो सारे आदेशों की धज्जियां उड़ा दी गईं। बाजार में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ने लगी। हर तरह अफरा-तफरी का माहौल दिखा। इस दौरान शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं किया गया। शिकायत मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। पुलिस फोर्स को गलियों में तैनात किया गया। लेकिन लोगों की भीड़ बहुत ज्यादा होने के कारण लॉक डाउन का सही तरीके से पालन नहीं कराया जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों व लोगों से अपील की है कि अब थोक बाजार को पूरे दिन खोला जाना है इसलिए लोग सुबह के वक्त ही यहां ज्यादा न आए।
भीड़भाड़ और ओवररेटिंग के आरोपों के बीच अब श्यामगंज की थोक मंडी को सुबह दस से शाम छह बजे तक खोलने का निर्देश जारी हुआ है। इस दौरान दुकानदारों को शारीरिक दूरी करते हुए सैनिटाइजर का भी प्रयोग सुनिश्चित करना होगा। मंगलवार सुबह चार बजे से श्यामगंज की थोक मंडी की दुकानें खुल गई थीं। व्यापारियों का आरोप है कि बारादरी पुलिस ने सुबह पांच बजे ही दुकानों को बंद करवा दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोपहर 12 बजे सीओ तृतीय अभिषेक वर्मा और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशान प्रताप सिंह से मुलाकात की। पक्ष रखा कि प्रशासन पूरे दिन बाजार खोलने की बात कहता है लेकिन, पुलिस दुकानें बंद करवा रही है। तय हुआ कि सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक बाजार खुलेगा। इसके बाद व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल डीएम नितीश कुमार के कैंप कार्यालय पर पीएम केयर्स फंड में 1.01 लाख का चेक देने पहुंचा। यहां व्यापारियों ने साफ कह दिया कि पुलिस ऐसे ही मारती रही तो बाजार बंद कर देंगे। डीएम नितीश कुमार ने निर्देश दिए कि सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक बाजार खोला जाएगा। कई वाट्सएप ग्रुपों में पूरा बाजार खुलने के मैसेज चलने लगे। व्यापार मंडल को स्पष्ट करना पड़ा कि यह छूट सिर्फ थोक बाजार के लिए दी गई है।