अंतिम समय ट्रेन का बदला रूट, मुजफ्फरनगर में उतारे बरेली के प्रवासी Bareilly News
मुंबई के दौड़ स्टेशन से बरेली आने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन विशेष परिस्थितियों में बदले गए रूट से सीधे मुजफ्फरनगर पहुंच गई। बरेली में रेलवे अधिकारी ट्रेन आने का इंतजार ही करते रहे।
बरेली, जेएनएन। महाराष्ट्र के दौंड जंक्शन से प्रवासियों को लेकर चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन को बरेली जंक्शन पर रूकना था। यहां बरेली समेत आस पास के जनपद के यात्रियों को भी उतारा जाना था। ट्रेन 10 घंटे लेट होने के बाद ट्रेन का अंतिम लोकेशन रात 10.10 पर झांसी मिला था। ट्रेन काफी संख्या में प्रवासियों को उतरना था। लेकिन अंतिम समय में मुरादाबाद मंडल को जानकारी दिए बिना ही ट्रेन का रूट चेंज कर दिया गया। अधिकारी शनिवार दोपहर दो बजे तक ट्रेन की लोकेशन पता करने में लगे रहे। अंत मे मालूम चला कि ट्रेन बदले रूट से अपने अंतिम स्टेशन पर पहुंच गई।
स्टेशन पर धरी रह गई तैयारियां
श्रमिक स्पेशल से उतरने वाले प्रवासियों को लेकर बरेली जंक्शन पर सभी के लिए लंच पैकेट और पानी की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा जांच के लिए पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था। वहीं उतरने वाले प्रवासियों को गंतव्य तक भेजने के लिए रोडवेज बसे भी तैयार खड़ी थी। लेकिन ट्रेन के न आने पर सभी व्यवस्थाएं धरी रह गई।
महाराष्ट्र के दौंड से आने वाली श्रमिक स्पेशल की रात 10.10 पर झांसी की लोकेशन के बाद जानकारी नहीं हो सकी। शुक्रवार दोपहर को जानकारी मिली कि किन्हीं कारणों से ट्रेन का रूट परिवर्तित कर दिया गया। शनिवार सुबह 11.30 बजे ट्रेन मुजफ्फरनगर पहुंच गई। जहां प्रवासियों को उतारा गया। - सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक