साक्षी प्रकरण : अजितेश के दादा-दादी खौफ में हुए कैद, पुलिस लाइन से लगी गारद Bareilly News
आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में पुलिस कर्मी ड्यूटी दे रहे हैं। इस दौरान आने-जाने वालों पर भी निगाह रखी जा रही है।
बरेली, जेएनएन : बिथरी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी के पति अजितेश के घर से थाने का फोर्स हटा लिया गया है। अब पुलिस लाइन से गारद लगाई जा रही है। आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में पुलिस कर्मी ड्यूटी दे रहे हैं। इस दौरान आने-जाने वालों पर भी निगाह रखी जा रही है। फिलहाल अजितेश के घर पर उनके दादा-दादी ही है।
अभी तक अजितेश के घर पर इज्जतनगर थाने की पुलिस का पहरा था। सावन में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी को देखते हुए थाने से गए सिपाहियों को वापस बुला लिया गया है। इनकी जगह पर पुलिस लाइन से गारद लगाई गई है। इसमें एक हेड कांस्टेबल व चार सिपाही हैं। आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ये लोग ड्यूटी कर रहे हैं। उधर, अजितेश के परिजनों ने किसी से भी मिलने से साफ इन्कार कर दिया है। घर पर केवल दूध वाला आ रहा है। इसके अलावा सब्जी आदि खरीदने के लिए परिवार बाहर निकल रहा है। अभी तक कोई रिश्तेदार भी उनसे मिलने नहीं आया है।
पड़ोसियो से बातचीत बंद
विवाद से पहले घर वालों की आस-पड़ोस के लोगों से बातचीत हो जाती थी। लेकिन इस प्रकरण के बाद वो भी बंद हैं। परिजन गेट के बाहर नहीं निकल रहे हैं। अजितेश के पिता हरीश का कहना है कि साक्षी और अजितेश के घर से जाने के बाद से पूरा परिवार खासा दहशत में है। वह बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल चाहते हैं। उसी का इंतजार कर रहे हैं। माहौल ठीक होने पर ही बरेली आने के बारे में विचार करेंगे।