शाहजहांपुर रचेगा मिठास का इतिहास, रिकार्ड चीनी उत्पादन की उम्मीद
पेराई सत्र शुरू होने से लेकर अब तक उत्तर प्रदेश में गत वर्ष के सापेक्ष 0.80 फीसद चीनी परता में वृद्धि दर्ज की गई।
शाहजहांपुर(नरेंद्र यादव) : उत्तर प्रदेश इस बार चीनी परता यानी प्रति क्विंटल गन्ना के सापेक्ष चीनी उत्पादन में इतिहास रचने जा रहा है। पेराई सत्र शुरू होने से लेकर अब तक प्रदेश में गत वर्ष के सापेक्ष 0.80 फीसद चीनी परता में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, शाहजहांपुर की निगोही चीनी मिल ने 13.02 फीसद चीनी परता हासिल कर उत्तर भारत में पहला पायदान पर चल रहा है। गन्ना आयुक्त व प्रमुख सचिव संजय आर भूसरेड्डी का कहना है कि इस बार प्रदेश में चीनी उत्पादन का नया रिकार्ड दर्ज होगा।
जिले ने पंजाब, हरियाणा समेत पांच प्रांतों को पछाड़ा
उत्तर भारत में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, बिहार आदि प्रांत प्रमुख गन्ना उत्पादक है। इनमें उप्र में सर्वाधिक 35 लाख किसान 27 लाख हेक्टेयर में गन्ना खेती करते हैं। शाहजहांपुर के 1.60 लाख किसानों ने 1.12 लाख हेक्टेयर में इस बार गन्ना खेती की। जिले की पांच चीनी मिलों में से निगोही स्थित डालमिया चीनी मिल सर्वाधिक 13.02 फीसद चीनी परता हासिल कर इतिहास रचने जा रही है। जबकि शेष प्रांतों की चीनी मिलें उससे काफी पीछे हैं।
प्रदेश में सर्वाधिक चीनी परता निगोही चीनी मिल का
उन्नतशील गन्ना बीज की आपूर्ति, पर्ची सिस्टम में सुधार तथा किसानों की जागरूकता से चीनी परता में रिकार्ड इजाफा हुआ। इससे किसानों को समय से गन्ना भुगतान हो सकेगा। प्रदेश में निगोही चीनी मिल 13 फीसद से भी अधिक चीनी परता प्राप्त किया हैै, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इस बार चीनी उत्पादन का नया रिकार्ड बनेगा।
-संजय आर भूसरेड्डी, गन्ना आयुक्त व प्रमुख सचिव, गन्ना विकास व चीनी उद्योग
एसएमएस गन्ना पर्ची, उन्नत गन्ने से हुआ इजाफा
एसएमएस गन्ना पर्ची व किसानों के ताजा, उन्नत गन्ना आपूर्ति से चीनी परता में इजाफा हुआ। मिल प्रणाली की पेराई में भी सुधार किया गया है। गत वर्ष के सापेक्ष 1.61 फीसद चीनी परता बढ़ा है। किसानों को समय से गन्ना मूल्य भुगतान भी हो सकेगा। -कुलदीप कुमार, यूनिट हेड, डालमिया चीनी मिल निगोही
उत्तर भारत की सात अग्रणी चीनी मिलें
- चीनी मिल : वर्ष 2019 वर्ष 2018
- निगोही शाहजहांपुर : 13.02 12.24
- कुंभी लखीमपुर : 12.80 11.25
- गुलरिया लखीमपुर : 12.63 12.01
- रानीनागल मुरादाबाद: 12.56 12.72
- अस्मोली धामपुर : 12.50 12.40
- चंदनपुर अमरोहा : 12.47 12.65
- जवाहरपुर सीतापुर : 12.46 11.77
अन्य प्रांतों की प्रमुख मिलें व चीनी परता
- राज्य चीनी मिल चीनी परता
- बिहार नरकटियागंज 11.00
- उत्तराखंड उत्तम 11.50
- हरियाणा नारायण गढ 10.55
प्रदेश की फैक्ट फाइल
- कुल रकबा : 27.94 लाख हेक्टेयर
- कुल किसान : 35 लाख
- वर्तमान चीनी परता : 11.12 फीसद
- गत वर्ष की रिकवरी : 10.32 फीसद
(नोट : गन्ना आयुक्त कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार)