मुहल्ला काजीटोला में गोवंशीय पशु काटते सात गिरफ्तार
थाने से पहुंची फोर्स ने घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर चार लोग भाग निकले लेकिन सात लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
बरेली, जेएनएन : बारादरी के मुहल्ला काजीटोला में दिन दहाड़े प्रतिबंधित पशु काटते पुलिस ने सात को गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपित भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से पांच क्विंटल मांस बरामद कर 11 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बारादरी पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि मुहल्ले में असलम के घर प्रतिबंधित पशु का कटान किया जा रहा है। थाने से पहुंची फोर्स ने घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर चार लोग भाग निकले लेकिन, सात लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए लोगों में मकान मालिक असलम, राजा, खालिद, वसीम उर्फ चीना, जाकिर, फारुक, उवैस शामिल हैं। जबकि उन्होंने फरार साथियों के नाम शाकिर, रईस, मुन्ना व शादाब बताया।
इंस्पेक्टर बारादरी नरेश त्यागी ने बताया कि पकड़े गए आरोपित अक्सर प्रतिबंधित पशुओं का कटान करते हैं। मौके से पांच क्विंटल मांस, कुल्हाड़ी, सरिया, छोटे, बड़े चाकू के साथ ही तराजू मिला है। मांस की जांच कराई तो वह प्रतिबंधित पशु का निकला। सभी 11 आरोपितों पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।