Highway : फोरलेन पर गड़ढों को देख लखनऊ जाने के लिए इन माननीयों ने बदला रास्ता Bareilly News
बरेली-सीतापुर फोरलेन का हाल यह है कि जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हैं। जिस कारण जनता खासी परेशान है। बरेली से फरीदपुर के बीच ही सड़क काफी खराब है।
जेएनएन, बरेली : बरेली से शाहजहांपुर तक बरेली-सीतापुर फोरलेन पर हालात दुश्वार हैं। जनता झटकों और जाम की गिरफ्त में है। हादसों में दर्जनों जानें जा चुकी हैं। खास बात यह कि वजह चाहे जो भी हो, माननीय अधूरे काम को पूरा कराने में नाकाम हैं लेकिन उन्होंने अपने लिए ऐसा रास्ता जरूर तलाश लिया है, जो उन्हें बगैर जाम में फंसे और गड्ढों से दो-चार हुए लखनऊ तक पहुंचा रहा है।
बरेली-सीतापुर फोरलेन का हाल यह है कि जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हैं। जिस कारण जनता खासी परेशान है। बरेली से फरीदपुर के बीच ही सड़क काफी खराब है। फरीदपुर से आगे निकलेंगे तो हुलासनगरा क्रासिंग पर आए दिन जाम लगा रहता है। तिलहर के रास्ते में कई जगह गड्ढे हैं। यही कारण है कि माननीयों ने अब अपना रास्ता बदल लिया है।
माननीय व तमाम वे लोग जिनके पास लग्जरी गाड़ियां हैं, गड्ढों से बचने के लिए बीसलपुर वाले रास्ते से जाते हैं। इससे बिना जाम में फंसे और झटके खाए बरेली से बीसलपुर, शाहजहांपुर, हरदोई होते हुए लखनऊ पहुंचते हैं। हालांकि यह रास्ता करीब 30 किलोमीटर ज्यादा है लेकिन जाम और गड्ढों से बच जाते हैं। इस बाबत सवाल करने पर कह भी रहे हैं कि काम को पूरा कराने के लिए प्रयास कर रहे हैं लेकिन अभी सुनवाई नहीं हो पा रही है।
अधूरे पुल पर चला रहे वाहन : कटरा से तिलहर की ओर बढ़ते ही सरऊ तिराहा पड़ता है। यहां पर ओवरब्रिज बनाया गया। एप्रोच रोड भी बनी, लेकिन काम आधा अधूरा होने के कारण उस पर पत्थर डालकर दोनों ओर से रास्ता बंद कर दिया गया, ताकि कोई वाहन पुल पर न आए। पुल के नीचे सिंगल रोड होने के कारण दिन में कई बार जाम लगता है। ऐसे में लोगों ने इसके पत्थर हटाकर वाहन निकालना शुरू कर दिया है, इससे कुछ हद तक जाम में फंसने से तो लोग बच जाते हैं, लेकिन इस पुल से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। पड़ी मिट्टी व आधा अधूरा निर्माण घातक है।
वाकई हाईवे का रास्ता बहुत खराब है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री से भी कहा। एनएचआइ के अधिकारियों से भी बात की। विधानसभा में भी लिखकर दिया है। अगले महीने टेंडर होने की उम्मीद है। जल्द ही हाईवे ठीक हो जाएगा। मजबूरी में हमें बीसलपुर वाले रास्ते से जाना पड़ता है। - श्याम बिहारी, विधायक फरीदपुर
फोरलेन पर जाते समय भगवान याद आते हैं। हाईवे का बहुत बुरा हाल है। इसलिए अब सड़क से जाना छोड़ दिया है। ट्रेन से ही लखनऊ जाता हूं। हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू कराने के लिए सभी प्रयास भी कर रहे हैं। उम्मीद है, जल्द सुधार होगा। -डीसी वर्मा, विधायक मीरगंज
इसमें कोई दो राय नहीं कि बरेली-सीतापुर फोरलेन काफी खराब है। लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हम हमेशा से ही लखनऊ ट्रेन से जाते हैं। चार-साढ़े चार घंटे में लखनऊ पहुंच जाते हैं। हाईवे को सही कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - डॉ. अरूण कुमार, नगर विधायक
फोरलेन को ठीक कराने के लिए सभी लोग बात कर रहे हैं। निर्माण कंपनी बदल गई है। जल्द टेंडर होंगे। हम तो दोनों ही रास्ते से जाते हैं। हम हाईवे व बीसलपुर दोनों ही निकलते हैं। जल्द ही हाईवे ठीक हो जाएगा। - बहोरनलाल मौर्य, विधायक भोजीपुरा