संदिग्ध युवक के पकड़े जाने के बाद से और सख्त हुई छावनी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था Bareilly News
सेना कुछ फैसले लेती है तो उसे मानना और सुरक्षा में सहयोग देना भी हमारी जिम्मेदारी है। चूंकि शहर हमारा है तो सुरक्षा भी हमारा दायित्व है।
बरेली, जेएनएन : सैन्य क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियां बढ़ने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सोमवार को एक मामले में मिलिट्री इंटेलीजेंस ने युवक को पकड़ा। वहीं, एक अन्य केस में दो संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है। इसके बाद से छावनी एरिया में सेना ने सुरक्षा बंदोबस्त और पुख्ता कर दिए हैं। हालांकि आवाजाही पर हर बार सेना और आम नागरिकों के अलग-अलग मत रहे हैं।
राजनेताओं की तगड़ी पैरवी के बाद रक्षा मंत्रलाय ने आम नागरिकों के लिए कुछ रास्तों को खोल दिया। इसके बाद जवानों की सुरक्षा में यहां से आम नागरिक आते-जाते हैं। ऐसे में अगर विशेष परिस्थिति में सेना कुछ फैसले लेती है तो उसे मानना और सुरक्षा में सहयोग देना भी हमारी जिम्मेदारी है। चूंकि शहर हमारा है, तो सुरक्षा भी हमारा दायित्व है।
883-ए गेट से चेकिंग के बाद निकलते वाहन। जागरण
जंक्शन पर सुरक्षा, स्टेशन पर अव्यवस्था
अधिकांश आतंकियों की धमकियों में शामिल रहने वाले रेलवे स्टेशनों में बरेली जंक्शन भी है। इसकी सुरक्षा को लेकर विभिन्न रास्तों को जल्दी बंद करने की योजना आलाधिकारियों के स्तर पर की जा चुकी है। लगेज स्कैनर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) भी लगाया है। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी रूटीन गश्त के अलावा औचक चेकिंग कर रहीं। हालांकि रोडवेजकर्मियों के मुताबिक रोजाना हजारों मुसाफिरों को सफर कराने वाले रोडवेज बस अड्डे पर पुलिस का राउंड कम ही लगता है।
बरेली क्लब के सामने सैन्य क्षेत्र के गेट पर लगा ताला। जागरण
बरेली क्लब के सामने मार्ग बंद
सोमवार को हुई संदिग्ध गतिविधियों के बाद सेना ने बरेली क्लब के सामने से छावनी क्षेत्र में जाने वाला मार्ग बंद कर दिया है। इस गेट पर ताला लगा दिया है। यानी, हाल-फिलहाल आम नागरिक ही नहीं जवान भी इस रास्ते का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा पीबी मार्ग को भी रात के लिए बंद करने का प्लान है। हालांकि इस रास्ते का उपयोग वैसे भी आम लोग कम ही करते थे।
अन्य रास्तों पर सुरक्षा बढ़ी
सैन्य क्षेत्र के अन्य रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। घोड़ा बटालियन गेट (883-ए) पर वन-वे पहले से ही लागू है। सेटेलाइट तिराहे की तरफ से आने वाले उन लोगों को ही सैन्य क्षेत्र से गुजरने दिया जाता था जो यातायात नियम का पालन करते। अब हथियारबंद जवान सभी वाहन चालकों की आइडी चेक कर ही उन्हें आगे जाने देते हैं। तय रूट से अलग जाने पर तत्काल पकड़ लिया जाएगा।
सुरक्षा को लेकर कैंट में तैनात पुलिस। जागरण
छावनी क्षेत्र के रास्तों पर भी गश्त बढ़ी
सेना पुलिस ने छावनी क्षेत्र के रास्तों पर गश्त बढ़ा दी है। वहीं, मिलिट्री इंटेलीजेंस भी हर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अपनी नजर रखे हुए है। सड़क पर घूम रहे लोगों में से कोई संदिग्ध दिखता है तो उसे रोककर जवान पूछताछ कर रहे हैं।