शहर में सजे दुर्गा पंडालों में हुई मां की संधि पूजा
शहर में सजे दुर्गा पंडालों में बुधवार को मां की संधि पूजा हुई।
जेएनएन, बरेली: शहर में सजे दुर्गा पंडालों में बुधवार को मां की संधि पूजा हुई। भक्तों ने विधि विधान से मां की पूजा अर्चना कर परिवार में सुख संपन्नता की प्रार्थना की। शाम को सभी पंडालों में आरती के बाद रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
इज्जतनगर में स्टेशन के सामने बने काली मंदिर, रोड नंबर चार स्थित मनोरंजन सदन और कृष्णा नगर कालीबाड़ी में सजे दुर्गा पंडाल में सुबह से ही भक्त मां के दर्शनों को पहुंचे। यहां अष्टमी पूजन और पुष्पांजलि हुई। फिर दोपहर में 12 बजे से संधि पूजा के बाद भोग वितरण हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तो ने मां का आशीर्वाद लिया। शाम की आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
दुर्गाबाड़ी में सजे दुर्गा पंडाल में अष्टमी तिथि की समाप्ति और नवमी तिथि के शुभारंभ पर संधि पूजन हुआ। प्रसाद वितरण, शाम की आरती के बाद पंडाल में रात 9.30 बजे से कोलकाता से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसकी शुरुआत उन्होंने दुर्गा स्त्रोत से की। इसके बाद कविगुरु रविंद्र नाथ टैगोर की कविताओं पर नृत्य प्रस्तुत किए। दिन में यहां निश्शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर भी लगा।
जंक्शन दुर्गा पंडाल में सजा गानेर अड्डा
जंक्शन स्थित मनोरंजन सदन में सजे दुर्गा पंडाल में अष्टमी पूजन से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। दिन में संधि पूजा, भोग वितरण और शाम को मां की आरती हुई। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम में गानेर अड्डा जमा, जिसमें दूरदर्शन और आकाशवाणी के कलाकारों ने ¨हदी बांग्ला के गीतों पर नृत्यों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर सुरभि राय, डॉ. शुभा चटर्जी, असीम बनर्जी, ऋषि मित्रा, सिद्धार्थ नेगी, शुभम बागची, मेघना चटर्जी आदि मौजूद रहे।