पीलीभीत में साध्वी प्राची ने ओवैसी पर साधा निशाना, बोलीं- ज्ञानवापी मामले को बेवजह दे रहे तूल
पत्रकारों से वार्ता में साध्वी प्राची ने कहा कि देश में बेरोजगारी सहित कई ज्वलंत समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण आवश्यक है। लिहाजा केंद्र व प्रदेश सरकार को जनसंख्या नियंत्रण कानून तत्काल लागू करना चाहिए।
पीलीभीत, जेएनएन। साध्वी प्राची बुधवार को उत्तराखंड के चंपावत से बरेली जाते समय कुछ देर शहर में रुकीं। इस दौरान गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जनसहयोग कार्यालय पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में साध्वी प्राची ने कहा कि देश में बेरोजगारी सहित कई ज्वलंत समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण आवश्यक है। लिहाजा केंद्र व प्रदेश सरकार को जनसंख्या नियंत्रण कानून तत्काल लागू करना चाहिए। कम जनसंख्या से संतुलन बनाया जा सकेगा। इससे बेरोजगारी की दर कम होगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनावी क्षेत्र चंपावत का दौरा कर लौटीं साध्वी प्राची ने कहा कि 80-20 का चुनाव है। क्षेत्र की जनता पुष्कर सिंह धामी को बड़े अंतर से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा देकर बेरोजगारी की समस्या दूर करने पर काम कर रही है।
ज्ञानवापी प्रकरण पर साध्वी प्राची ने कहा कि एआइएमआइएम पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी बेवजह बयानबाजी कर मामले को तूल दे रहे हैं। मंदिर परिसर के सर्वे और न्यायालय के निर्णय के बाद सब साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आलोचना करना है लेकिन देशहित में स्वस्थ आलोचना करनी चाहिए न कि कश्मीर से धारा 370 हटने जैसे राष्ट्रहित के मुद्दों का विरोध करना। राज्यमंत्री के जनसहयोग कार्यालय पर साध्वी प्राची का स्वागत करने वालों में भाजपा ब्रज क्षेत्र के पूर्व उपाध्यक्ष विजय सिंह गंगवार, कार्यालय प्रभारी सुनील मिश्रा, भाजपा नगर महामंत्री मनोज मिश्रा, संतराम राठौर, विहिप महामंत्री कमल वर्मा, अनिल कुमार, कार्यालय सहयोगी विपिन गंगवार आदि मौजूद रहे।
मुरादाबाद में कहा था, ज्ञानवापी मस्जिद की जगह बनेगा विशाल मंदिर: हाल ही ज्ञानवापी परिसर स्थित तालाब में शिवलिंग मिलने के बाद मुरादाबाद पहुंची साध्वी प्राची ने कहा था कि कोर्ट के निर्णय के बाद वहां विशाल मंदिर बनेेेगा। हमें कोर्ट पर पूरा भराेेेसा है कि न्याय हमारे पक्ष में आएगा।