साध्वी प्राची ने कहा, किसानों के आंदोलन में खालिस्तान की मांग करने वाले जेहादी भी शामिल
अपने बयानों से विवादित रहने वाली साध्वी प्राची सोमवार को शहर पहुंची। उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए सबसे पहले कृषि कानून को लेकर आंदोलन करने वालों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की आड़ में खालिस्तान की मांग करने वाले कुछ जेहादी लोग भी घुस गए हैं
बरेली, जेएनएन। हमेशा अपने बयानों से विवादित रहने वाली साध्वी प्राची सोमवार को शहर पहुंची। उन्होंने शहर पहुंचते ही पत्रकारों से मुखातिब होते हुए सबसे पहले कृषि कानून को लेकर आंदोलन करने वालों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की आड़ में खालिस्तान की मांग करने वाले कुछ जेहादी लोग भी घुस गए हैं। उन्होंने कहा कि विरोध के बावजूद पीएम नरेंद्र मोदी को कानून वापस नहीं लेना चाहिए। कानून किसानों के हित में हैं और इससे आने वाले समय में किसानों को फायदा होगा। इसलिए इस कानून को किसी भी हाल में सरकार को वापस नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए लाया गया कृषि कानून अगर वापस लिया जाता है तो वह दिल्ली में आमरण अनशन करेंगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में गर्माई राजनीति पर कहा कि पश्चिम बंगाल में सैकड़ों भाजपा नेताओं की हत्या कराई जा रही है। जेपी नड्डा पर हमला करवाया गया। उन्होंने कहा कि वहां की जनता परिवर्तन चाहती है। भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव में जीत होगी और वहां की बहन जी का मुंह काला होगा।
उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कांग्रेस को बर्बाद कर रहे हैं।