Revise Estimate : हरियाली की कब्र पर दौडेगा बरेली सीतापुर हाईवे Bareilly News
लखनऊ रोड पर नकटिया नदी के ऊपर पुल निर्माण के लिए वन विभाग ने अनुमति दे दी। इस विकास की राह में 100 से अधिक पेड़ों की बलि चढ़ेगी।
जेएनएन, बरेली : लखनऊ रोड पर नकटिया नदी के ऊपर पुल निर्माण के लिए वन विभाग ने अनुमति दे दी। इस विकास की राह में 100 से अधिक पेड़ों की बलि चढ़ेगी। हालांकि, वन विभाग ने नए पौधे लगाने के लिए सेतु निगम से 74 लाख रुपये मांगे हैं। अब निगम रिवाइज एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को भेजेगा। फिलहाल मौके पर काम शुरू करा दिया है।
वन विभाग ने दी एनओसी
बरेली-शाहजहांपुर रोड पर सेटेलाइट तिराहे से आगे बढ़ते ही स्थित नकटिया नदी पर पहले से एक पुल है। राजमार्ग होने के चलते वाहनों का भार वर्तमान में काफी अधिक है और भविष्य में इसमें दिनोंदिन बढ़ोतरी होना निश्चित है। इस भार को व्यवस्थित कर सुगम यातायात के लिए दो लेन का नया पुल शासन से छह माह पहले मंजूर हुआ था। 70 मीटर लंबे पुल के लिए 5.50 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। सेतु निगम के निर्माण शुरू कराते ही वन विभाग ने अपनी भूमि होने के चलते आपत्ति लगा दी। काम रोकना पड़ा। अब एनओसी दी है।
पुल निर्माण के लिए वन विभाग ने एनओसी दी है। एस्टीमेट रिवाइज कर शासन से धन मांगा जाएगा। फिलहाल पेड़ काटे जाने के एवज में निगम अपने पास मौजूद बजट से वन विभाग को रकम दे देगा।
- देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम