बरेली में सिटी स्टेशन रोड पर छह माह बाद मिली राहगीरों को राहत
करीब छह महीने के बाद सिटी स्टेशन रोड पर निकलने वालों को राहत मिली है। वहां जल निगम ने सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारी अगले 10 दिनों में पूरी सड़क ठीक करने का दावा कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली: करीब छह महीने के बाद सिटी स्टेशन रोड पर निकलने वालों को राहत मिली है। वहां जल निगम ने सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारी अगले 10 दिनों में पूरी सड़क ठीक करने का दावा कर रहे हैं।
जल निगम शहर में ट्रंक सीवर लाइन बिछा रहा है। मार्च में निगम ने सिटी श्मशान भूमि के पास से दोनों ओर सड़क की खोदाई शुरू कर दी थी। वहां से एक लाइन दूल्हा मियां मजार होते हुए अलखनाथ मंदिर रोड से एसबीआइ कालोनी तक खोदी गई। वही दूसरी लाइन सिटी स्टेशन से सब्जी मंडी की ओर खोदी। इसके लिए काफी गहराई तक खोदाई की गई थी। ट्रंक सीवर लाइन बिछाने के बाद उस पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। बीच में कोरोना संक्रमण के चलते काम रोका गया। बरसात में कच्ची सड़क का हाल बुरा हो गया। सड़क का एक हिस्सा ही चलने के कारण वह भी जर्जर हो गया था। बारिश में उस पर गहरे गड्ढे हो गए। इस तरह डिवाइड के दोनों ओर सड़क पर निकलने वाले लोग परेशान थे। कुछ दिन पहले जल निगम ने वहां गिट्टी बिछा दी थी। इसके बावजूद बारिश होने पर गड्ढों में जलभराव और खुले मौसम में उड़ती धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रही थी। इधर, मौसम ठीक होने पर जल निगम ने सिटी श्मशान भूमि के सामने से कोलतार की सड़क बिछाने का काम शुरू कर दिया है। इससे राहगीरों को कुछ राहत मिली है। जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने बताया कि अगर बारिश नहीं हुई तो 10 दिन में पूरी सड़क ठीक करा दी जाएगी।