Loksabha Election 2019: राजनाथ सिंह ने कहा, पहले चरण में भाजपा के माहौल से घबराए विपक्षी, ईवीएम पर उठा रहे सवाल
राजनाथ सिंह विपक्षी दलों पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान बाद से ही विपक्षी दल ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे। ये लोग भाजपा के पक्ष में माहौल से घबरा गए।
जेएनएन, शाहजहांपुर : रुहेलखंड मंडल में भाजपा का माहौल बनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। तीन दिन के अंदर मंगलवार को शाहजहांपुर के कटरा में तीसरी जनसभा करते हुए राजनाथ सिंह विपक्षी दलों पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान बाद से ही विपक्षी दल ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे। ये लोग भाजपा के पक्ष में माहौल से घबरा गए। गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा-बसपा और रालोद ने मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए गठबंधन किया। यह गठबंधन अपना अस्तित्व बचाने के लिए किया है जो टूट जाएगा। नकारात्मक सोच देश हित में नहीं।
मंच से दिखाई दरियादिली
जनसभा में राजनाथ सिंह के संबोधन से पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मंच पर उन्हें चांदी का मुकुट भेंट किया। इसके बाद जब वह माइक पर पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने दरियादिली दिखाते हुए कहा कि मैं यह चांदी का मुकुट यहीं छोड़ दूंगा। जिलाध्यक्ष चुनाव के बाद किसी गरीब लड़की की शादी में इसके बदले पायल बनवाकर भेंट कर दें।