दगे हुए कारतूस हैं अखिलेश, माया : राजभर
जागरण संवाददाता, बरेली : प्रदेश में कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद अपनी ही सरकार के कामकाज पर कई बार
जागरण संवाददाता, बरेली : प्रदेश में कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद अपनी ही सरकार के कामकाज पर कई बार सवाल उठाने वाले ओमप्रकाश राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती को दगे हुए कारतूस करार दिया है। मंगलवार रात ढाई बजे बरेली जंक्शन पर पहुंचे मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि इन लोगों का गठबंधन कोई हलचल नहीं कर पाएगा। फूलपुर और गोरखपुर अति आत्मविश्वास में हार गए थे।
मंत्री ने बलिया में रविवार को कार्यकर्ताओं को पीलिया का श्राप देने वाले बयान पर कहा कि हमारे समर्थक दूसरे दलों की भीड़ बढ़ाने के लिए नहीं हैं। दूसरे दल के लोग आकर्षित करते हैं।
सरकार खुद पिलाती है शराब, तो हादसे तो होंगे ही
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आठ राज्यों में शराब पूरी तरह बंद है। हर साल लाखों लोग शराब पीने से मर जाते हैं। बच्चे अनाथ हो रहे हैं। महिलाएं विधवा हो रही हैं। गुजरात, बिहार, लक्ष्यदीप में बंद है। अभी कानपुर में घटना हुई, गाजियाबाद में हुई, वाराणसी में हुई। सरकार खुद ही शराब पिलाएगी तो घटनाएं तो होंगी ही। कर्नाटक चुनाव का 2019 के लोकसभा चुनाव पर असर पर कहा कि आमचुनाव में स्थिति कुछ और होगी।
इससे पहले बरेली जंक्शन पर पहुंचने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हालांकि इस दौरान भाजपा का कोई नेता उनके स्वागत के लिए दिखाई नहीं दिया। रात करीब ढाई बजे जंक्शन पर स्वागत के बाद वह सर्किट हाउस चले गए। बुधवार की सुबह को वह कुछ पदाधिकारियों से बातचीत के बाद वह बदायूं चले जाएंगे। वहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना है।