बरेली जंक्शन पर बचाया जाएगा बरसाती पानी, यात्री सीखेंगे जल संरक्षण Bareilly News
जंक्शन पर विभिन्न रूपों में पानी की खपत करीब साढ़े पांच लाख लीटर रोजाना है। प्लेटफार्मो पर लगी टीन शेड के साइड में एक पाइप जोड़ा जाएगा।
बरेली, जेएनएन : जंक्शन पर पानी की बर्बादी रोकने और बरसाती जल संरक्षण की कवायद शुरू हो गई है। मुरादाबाद मंडल से पहुंचे एडीआरएम प्रशासन ने हालिया दौरे में जंक्शन पर जल संरक्षण की व्यवस्था जल्द से जल्द करने को कहा है। इसके लिए जंक्शन पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा।
जंक्शन पर विभिन्न रूपों में पानी की खपत करीब साढ़े पांच लाख लीटर रोजाना है। एडीआरएम अश्विनी कुमार उपाध्याय ने जल संरक्षण पर काम करने के लिए कहा था।
टीन शेड के साइड में लगेंगे पाइप
जंक्शन पर अब रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का प्लान तैयार हो रहा है। इसके तहत जंक्शन के प्लेटफार्मो पर लगी टीन शेड के साइड में एक पाइप जोड़ा जाएगा। इसके जरिए पानी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में पहुंचेगा। इसके अलावा वेटिंग रूम, प्याऊ की टोटियां, पानी की टंकी समेत सभी जगह दुरुस्त करने को कहा था।
फिलहाल हजारों लीटर पानी होता बर्बाद
जंक्शन पर फिलहाल पानी की बर्बादी चरम पर है। ट्रेनों में रीफिल करते समय पानी की बर्बादी होती ही है। इसके अलावा जंक्शन और कॉलोनी में पानी की सप्लाई करने वाली टंकी लीक होने की वजह से हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद होता है। एडीआरएम ने टंकी ठीक करने के आदेश भी दिए थे। जिसके बाद जल्द नई पानी की टंकी लगाई जाएगी।
एडीआरएम ने दौरे के दौरान जल संरक्षण रोकने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए है। संबंधित विभागों के साथ मिलकर इस पर काम शुरू कराया जाएगा। - सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक, बरेली जंक्शन