विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दी से पहले अलर्ट पर रेलवे: पटरियों को चटकने से बचाने के लिए बोर्ड का बड़ा कदम, जारी हुए कड़े निर्देश

Published: Thu, 24 Sep 2026 07:57 PM (IST)

रेलवे बोर्ड ने सर्दी से पहले पटरियों को चटकने से बचाने के लिए सभी जोन के प्रधान मुख्य अभियंताओं को ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के प्रधान मुख्य अभियंता को निगरानी के दिए निर्देश

जागरण संवाददाता, बरेली। रेलवे ने सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले ट्रैक की सुरक्षा को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता को सर्दी में पटरियों की चटकने और वेल्ड (जोड़) की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ट्रैक की निगरानी बढ़ाने, आवश्यक स्थानों पर डी-स्ट्रेसिंग कराने और कोल्ड-वेदर पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

कार्यकारी निदेशक सिविल इंजीनियरिंग प्लानिंग केआर चौधरी की ओर से 23 सितंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि सर्दी के मौसम से पहले जहां आवश्यकता हो, वहां एलडब्ल्यूआर (लांग वेल्डेड रेल) और सीडब्ल्यूआर (कंटीन्यूअस वेल्डेड रेल) की डी-स्ट्रेसिंग पूरी कर ली जाए और रेल जोड़ और जाग्ल्ड फिश प्लेट के बोल्ट होल की भी जांच की जाए।

पटरी या जोड़ टूटने की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां नियमित निगरानी की जाए। इसके अलावा कोल्ड-वेदर पेट्रोलिंग कराने के साथ पेट्रोलमैन को जीपीएस आधारित ट्रैकिंग उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

पेट्रोलिंग शुरू करने से पहले पेट्रोलमैन को निर्धारित उपकरण और सुरक्षा कपड़े भी उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि रेल तापमान पर लगातार नजर रखने के लिए कंटीन्युअस रेल थर्मामीटर (सीआरटी) को चालू हालत में रखें और तापमान का आंकड़ा रियल टाइम अपडेट करें।

कीमैन और पेट्रोलमैन की ड्यूटी ठीक से लगाई जाए ताकि ट्रैक में खराबी का पता सही समय पर लग जाए। इसके अलावा अनुभवी ट्रैक मेंटेनरों को प्राथमिकता से पेट्रोलमैन बनाने और उन्हें नियमित प्रशिक्षण व काउंसलिंग देने को भी कहा है।

इसके अलावा असुरक्षित ट्रैक की स्थिति सामने आने पर ट्रेन संचालन रोककर ट्रैक को सुरक्षित करने को कहा गया है। इसके अलावा अन्य जरूरी निगरानी बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- 'बैटरी हो गई थी 0...' टीवी शो 'अनुपमा' के मशहूर एक्टर अचानक पहुंचे बरेली, बोली दिल छू लेने वाली बात