बदायूं में मिलावटखोरी के खिलाफ आज चलेगा छापामारी अभियान
बदायूं में खाद्य वस्तुओं में मिलावट के खिलाफ शुक्रवार से छापेमारी अभियान चलाने की रणनीति बन चुकी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में सात खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य वस्तुओं और मिठाई की दुकानों पर छापा मारेंगे।
बदायूं, जेएनएन। खाद्य वस्तुओं में मिलावट के खिलाफ शुक्रवार से छापेमारी अभियान चलाने की रणनीति बन चुकी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में सात खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य वस्तुओं और मिठाई की दुकानों पर छापा मारेंगे। जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने निर्देश दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस की भी मदद ली जाए। अभिहीत अधिकारी चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि सात नवंबर से 13 नवंबर तक छापामारी अभियान चलाने का कार्यक्रम तय हो चुका है। दूषित मिठाई और खाद्य वस्तुओं की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दुकानों पर खरीदारी करने जा रहे लोगों को सजग रहने के सुझाव देते हुए कहा है कि कहीं भी मिलावट की आशंका दिखे तो तत्काल अवगत कराएं, सैंपल कराया जाएगा।
खुद भी सैंपल की करा सकते हैं जांच
अभिहीत अधिकारी चंद्रशेखर मिश्र ने यह भी बताया कि कोई व्यक्ति अगर किसी खाद्य वस्तु की गुणवत्ता की जांच कराना चाहता है तो वह नमूना लाकर जांच भी करवा सकता है। इसके लिए उसे निर्धारित शुल्क देना होगा।