चंद मिनट में खाक हो गया बुराई का प्रतीक रावण
जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में चल रही रामलीलाओं में शुक्रवार को जैसे ही रावण का वध हु
जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में चल रही रामलीलाओं में शुक्रवार को जैसे ही रावण का वध हुआ, पूरा मैदान जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
मॉडल टाउन में चल रही रामलीला की शोभायात्रा की शुरूआत शुक्रवार शाम शील चौराहा से हुई। यहां से यात्रा गुरूदास जनकपुरी, रामजानकी मंदिर, सेलेक्शन प्वाइंट व डीडीपुरम पेट्रोल पंप होते हुए दशहरा मेला ग्राउंड पहुंची। वहां प्रभु श्रीराम के स्वरूप ने रावण का वध किया। जिसके बाद मैदान में खड़े 50 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। रामलीला के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार, विशिष्ट अतिथि आईजी डीके ठाकुर, डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह रहे। मेले का उद्घाटन महापौर डॉ. उमेश गौतम ने किया।
पुतला दहन से पहले आतिशबाजी का मुकाबला हुआ। जिसमें पीलीभीत के शमशाद प्रथम रहे। इस मौके पर बरेली दशहरा रामलीला समिति के अध्यक्ष सतीश खट्टर, रवि छाबड़ा, सुशील कुमार हरमिलापी, अनिल अरोड़ा, मेला इंचार्ज अश्वनी ओबराय, संजीव चांदना, जितिन दुआ व अमरजीत सिंह बग्गा आदि मौजूद रहे।
रावण दहन देखने के साथ लिया आतिशबाजी का लुत्फ
श्री रानी महालक्ष्मीबाई रामलीला समिति चौधरी मुहल्ला की रामलीला में रावण वध की लीला बड़ा बाग में हुई। यहां पर शाम छह बजे से प्रभु श्रीराम और रावण संग्राम हुआ। युद्ध के साथ ही यहां पर आतिशबाजी हुई, जिसका लीला देखने पहुंचे दर्शकों ने लुत्फ उठाया। अंत में मैदान में रावण के पुतले का दहन हुआ। श्रीराम लीला सभा सुभाष नगर में स्वरूपों की आरती के बाद शाम 6.30 बजे से राम रावण संग्राम शुरू हुआ। मैदान में चल रहे युद्ध में सातवें चक्कर में जैसे ही प्रभु श्रीराम ने रावण को मारा, पूरा मैदान प्रभु के जयकारों से गूंज उठा। जिसके बाद रावण के पुतले का दहन हुआ। इस मौके पर अशोक कुमार शर्मा, आलोक तायल, उदयवीर सिंह, पंडित प्रदीप कुमार चौबे, प्रदीप कुमार अग्रवाल, विक्की, राजेंद्र सिंह तनेजा आदि मौजूद रहे।
राजेंद्र नगर, सदर बाजार में लगा मेला
शहर में कटरा चांद खां में मौर्य मंदिर, जोगी नवादा, सदर बाजार कैंट, राजेंद्र नगर में भी रावण वध की लीला हुई। अंत में रावण के पुतले का दहन हुआ। दशहरा मेला में देर रात तक लोगों ने खरीददारी करने के बाद खान पान का मजा लिया।
जली लकड़ियां बीनने की होड़
रामलीला में लंकेश्वर के पुतले का दहन होने के बाद बच्चों में जली लकड़ियां बीनने की होड़ रही। इस दौरान पुलिसकर्मी व वालिंटियर्स भी उनको ऐसा करने से मना न कर पाए।
रावण के साथ ली सेल्फी
दशहरा मेलों में लोगों में पुतलों के साथ सेल्फी और फोटो खिंचाने की उत्सुकता रही। कुछ दर्शकों ने स्वरूपों के साथ भी सेल्फी ली। वहीं, युवतियां भी इन मामलों में पीछे नहीं रहीं। उन्होंने भी पुतले के साथ खूब फोटो व सेल्फी ली।