विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में जमीन खरीदने वालों की चमकी किस्मत! इन 35 गांवों में शुरू होगा शहर जैसा विकास, देखें पूरी लिस्ट

Published: Fri, 06 Feb 2026 05:21 PM (IST)

बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने 35 नए गांवों को शामिल कर महायोजना बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। तकनीकी ...और पढ़ें

बरेली विकास प्राधिकरण

बरेली विकास प्राधिकरण

HighLights

  1. 264 से बढ़कर 299 गांव तक हो जाएगा बीडीए का कार्यक्षेत्र, होगा सुनियोजित विकास

  2. शाहजहांपुर रोड पर 16, बदायूं 14, बीसलपुर चार व नैनीताल रोड का एक गांव शामिल

जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने विस्तारित क्षेत्र में शामिल 35 नए गांव की महायोजना की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए तकनीकी परीक्षण किया, जिसमें तीन एजेंसियां आगे आई। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह में एजेंसी का चयन कर महायोजना बनाने की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। इसके बाद इन विस्तारित क्षेत्र में भी बीडीए विकास कार्य कर सकेगा। बीडीए ने बीते वर्ष अक्टूबर में अपना क्षेत्र 264 से बढ़ाकर 299 गांव तक करने का निर्णय लिया था।

शासन से स्वीकृति मिलने के बाद महायोजना-2031 की तर्ज पर इन नए गांवों की भी महायोजना बनाने के लिए निविदा आमंत्रित की गई, जहां बीडीए क्षेत्र में शामिल होने बाद वहां भी आवासीय योजना के साथ अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी, जिससे ग्रामीणों का जीवनस्तर ऊंचा उठेगा। इसके साथ ही बीडीए के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है।

मुख्य अभियंता एपीएन सिंह ने बताया कि इन गांवों के विकास प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल होने के बाद वहां के पुराने बने भवनों का कंपाउंडिंग का शमन शुल्क जमा कर नियमितिकरण किया जा सकेगा। नए भवन के लिए नक्शा स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए विस्तारित महायोजना बनाने के लिए मार्स, बिल्डकान प्रा.लि. और डीएनजी कंपनी आगे आई हैं।

भू-उपयोग तय होने के साथ अवैध निर्माण पर होगी सख्ती

बीडीए अधिकारियों के अनुसार शहर की सीमा से सटे गांव के बीडीए क्षेत्र में शामिल होने से वहां भी, सीसी रोड, अस्पताल, माल, आवासीय योजना, पार्क, खेल मैदान, वाणिज्यिक, स्कूल व अन्य सार्वजनिक सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्र का भू-उपयोग भी तय किया जाएगा, जिसके तहत ही सुनियोजित विकास किया जाएगा। 35 गांवों के विकास प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल होने से प्राधिकरण का क्षेत्रफल 299 गांव के 579 वर्ग किलोमीटर तक हो गया है।

इन नए गांव का बन रहा विस्तारित महायोजना

बदायूं रोड पर अखा एहतमाली, भोजपुर, चाढ़पुर, अखा मुस्तिकल, रफियाबाद, आलमपुर जाफराबाद, कोहनी परतापुर, कैमुआ, नवदिया, मजनूपुर, सरदार नगर, बढ़रई कुईया, वाहनपुर, मिलक मंशारामपुर शामिल हैं, जबकि बीसलपुर रोड पर लवहरी, भगौतीपुर, कमुआ कलां, नरोत्तम नगला व पीलीभीत बाइपास रोड स्थित भीकमपुर को शामिल किया गया है।

वहीं शाहजहांपुर रोड पर दहलऊ ई. जेढ़, जेड़, उदयपुर मोहनलाल, मकसूदनपुर, समोची ई. जेढ़, मेगीनगला, सराय पट्टी सब्दलपुर, रसुइया, गौसगंज सरायं, खमरिया ई-जेढ़, नौगवां, सरकड़ा, नवदिहा देहा जब्ती, बाहनपुर, इनायतपुर, मटिया नगला गांव को विस्तारीकरण में लिया गया है। 


यह भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ और नैनीताल रोड का सफर होगा सुपरफास्ट: बरेली का सबसे बड़ा 'ब्लैक स्पॉट' अब बनेगा रफ्तार का कॉरिडोर

 

यह भी पढ़ें- मरे हुए व्यक्ति ने किए साइन! बरेली RTO में मौत के 1 साल बाद ऐसे बदल गया कार का मालिक