अनुचर से टैक्स रसीद बुक छीनने पर नगर निगम कर्मचारी संघ केे अध्यक्ष पर हुई कार्रवाई, किया निलंबित
अनुचर को बुलाकर उससे टैक्स की रसीद बुक छीनने और अभद्रता करने के आरोप में नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग में तैनात ड्राईवर मिशन पाल सिंह को निलंबित कर दिया है। वह नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भी हैं।
बरेली, जेएनएन। अनुचर को बुलाकर उससे टैक्स की रसीद बुक छीनने और अभद्रता करने के आरोप में नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग में तैनात ड्राईवर मिशन पाल सिंह को निलंबित कर दिया है। वह नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भी हैं। राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता ने नगर आयुक्त को गुरुवार को शिकायती पत्र दिया था।
उन्होंने बताया था कि बीते दिन शाम साढ़े छह बजे मिशन पाल सिंह ने टैक्स विभाग के अनुचर सोमनाथ को फोन पर बुलाकर उससे फार्म दो रसीद बुक छीन ली। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता करके जान से मारने की धमकी देकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेकर इसे नगर निगम की छवि को धूमिल करने वाला बताया।
उन्होंने कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्ध कार्य करने पर मिशन पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने निलंबन अवधि के दौरान मिशन पाल सिंह को केंद्रीय कार्यालय से संबद्ध कर दिया। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को जांच अधिकारी नामित कर दिया।
राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर नगर निगम के कर्मचारी मिशन पाल सिंह नगर आयुक्त ने अनुशासनहीनता में निलंबित कर दिया है। सहायक नगर आयुक्त को मामले की जांच सौंपी गई है। निलंबन अवधि में कर्मचारी केंद्रीय कार्यालय में संबद्ध रहेंगे। अजीत कुमार सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त