लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज, बनने लगा स्ट्रांग रूम
लोकसभा चुनाव की प्रशासनिक स्तर की तैयारियों की गति बढ़ रही है।
जेएनएन, बरेली: लोकसभा चुनाव की प्रशासनिक स्तर की तैयारियों की गति बढ़ रही है। पूरी चुनाव प्रक्रिया नरियावल उपमंडी से संचालित होगी। इसके लिए यहां पर स्ट्रांग रूम आदि बनाने का काम शुरू हो चुका है। टीपी नगर में भी मरम्मत कार्य के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन ने बीडीए को निर्देशित किया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन आरएस द्विवेदी रविवार दोपहर नरियावल उपमंडी पहुंचे। उन्होंने यहां चल रहे निर्माण, मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां ईवीएम और वीवीपैट रखने के लिए बनने वाले स्ट्रांग रूम भी देखे। इस दौरान बिजली विभाग के अफसर भी मौजूद रहे। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पोल पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा हो, जिससे यहां पर पर्याप्त प्रकाश रहे। उन्होंने यहां लग रही लाइट की गुणवत्ता आदि भी चेक की। नरियावल उपमंडी की पूरी सड़क फिर से बनाई गई है। इसके साथ ही टूटे हुए चबूतरे आदि भी दुरुस्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बसें व अन्य वाहन टीपी नगर में खड़ी होंगे। यहां की सड़कें काफी खराब हैं। इसके लिए बीडीए अफसरों को निर्देशित किया है। वह जल्द से जल्द इसे दुरुस्त कराएं।
डीआइजी ने देखे पोलिंग बूथ
बरेली : डीआइजी राजेश पांडेय ने रविवार को पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इधर अर्द्धसैनिक बलों ने भी शहर में संवेदनशील इलाकों में गश्त की।
डीआइजी दोपहर में बिशप मंडल इंटर कालेज व अन्य स्कूलों में गए। जहां बूथ बनाए गए थे। यहां तैयारियां देखी। इसके अलावा चुनाव के दौरान बाहर से आने वाले पुलिस फोर्स के रुकने के लिए जगह भी देखी।
इधर अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने शहर में मार्च किया। शहर में स्कूलों व मंदिरों के आस पास उन्होंने मार्च कर भौगोलिक परिस्थितियों को देखा। यहां बता दें कि चुनाव के मद्देनजर फिलहाल अर्द्धसैनिक बलों की दो कंपनियां भेजी गई है। चुनाव से पहले अर्द्धसैनिक बलों को धार्मिक स्थलों व शहर के प्रमुख स्थानों की जानकारी करनी होती है।