बरेली में बिना जांच किए इंजेक्शन लगाने से हुई गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने महिला चिकित्सक पर लगाए ये आरोप
बरेली में बिना जांच के इंजेक्शन लगाने से हुई गर्भवती महिला की मौत पर परिजन सहित व्यापारी संगठन ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। मृतका के परिजन ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
बरेली, जेएनएन। बरेली में बिना जांच के इंजेक्शन लगाने से हुई गर्भवती महिला की मौत पर परिजन सहित व्यापारी संगठन ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। मृतका के परिजन ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मृतक महिला के पति अर्जुन शुक्ला ने बताया कि पीलीभीत रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पत्नी अनामिका द्विवेदी का इलाज जनवरी 2021 से चल रहा था। 23 मार्च को अनामिका के पेट में दर्द हुआ। जिसके बाद अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टर ने बिना जांच किए पत्नी को इंजेक्शन दिया। इससे दर्द तो कम हुआ लेकिन तीन दिन बाद समस्या बढ़ने लगी। कुछ देर बाद पत्नी की मौत हो गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने थाना बारादरी में तहरीर देने और सीएमओ से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताया। उन्होंंने मंगलवार को निजी अस्पताल के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रर्दशन कर रह व्यापारी संगठनों ने मामले में अधिकारियों से लापरवाही बरतने वाले आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसमें महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला, संयुक्त व्यापार मंडल के शोभित सक्सेना, अमरजीत सिंह, महामंत्री दीपक द्विवेदी, राजकुमार राजपूत, विशाल श्रीवास्तव, गौरव सक्सेना, व्यापार मंडल की महिला मोर्चा राशि पाराशरी व शशि वेलफेयर सोसाइटी की महिला पदाधिकारियों ने भी अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।