Loksabha Election 2019: आ रहे सियासी स्टार, तीन दिन धुआंधार प्रचार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सपा मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन अलग-अलग मतदाताओं को लुभाएंगे।
जेएनएन, बरेली : नामांकन दाखिल होने के बाद अब उम्मीदवारों के हक में माहौल बनाने के लिए स्टार प्रचारकों का आना तय हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सपा मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन अलग-अलग मतदाताओं को लुभाएंगे। एक की जनसभा नवाबगंज, दूसरे बरेली शहर और तीसरी मीरगंज में होगी।
भाजपा नेताओं ने अमित शाह के आने की पुष्टि की है। वह नौ अप्रैल को आ रहे हैैं। नवाबगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करने जाएंगे। अभी जनसभा को स्थान तय नहीं हुआ है। संभवतया रामलीला मैदान में कार्यक्रम होगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 11 अप्रैल को इस्लामिया मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीरगंज में 13 अप्रैल को पहुंचेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री 13 अप्रैल को ही आंवला भी जा सकते हैैं। तीनों नेता हेलीकाप्टर या फिर प्लेन से बरेली आएंगे। उससे पहले बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के चेंजओवर का कार्यक्रम है। वह छह अप्रैल को आ रही हैैं। उन्हें उत्तराखंड में जनसभा को संबोधित करने जाना है। प्लेन से त्रिशूल हवाई अड्डे आकर हेलीकाप्टर से उत्तराखंड जाएंगी। सभी प्रमुख दलों के बड़े नेताओं के कार्यक्रम लगने से प्रशासन सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है।