Bareilly Hot spot : सुभाषनगर के सील एरिया में पुलिस ने की सख्ती, बाहर निकले लोगों को लाठी फटकार भगाया
सुभाष नगर के सील क्षेत्र में सुबह से ही पुलिस ने सख्ती कर दी है। सुबह सात बजे से पुलिस की गाड़ियां क्षे़त्र में घूम रहीं है। माइक से अपील की जा रही है कि कोई घर से बाहर न निकले।
बरेली, जेएनएन। सुभाष नगर के सील क्षेत्र में सुबह से ही पुलिस ने सख्ती कर दी है। सुबह सात बजे से पुलिस की गाड़ियां क्षे़त्र में घूम रहीं है। माइक से अपील की जा रही है कि कोई घर से बाहर न निकले। पुलिस ने डेढ़ किमी क्षेत्र में छह पिकेट लगाई हैं। कहीं तीन तो कहीं आठ पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। बाहर निकलने वालों को पुलिस खदेड़ रही है। बाहर निकले लोगों को पुलिस लाठी फटकार कर भगाया। इसके अलावा क्षेत्र में मजिस्टेट भ्रमण पर हैं। वह पुलिस टीम के साथ सुभाष नगर की एक एक गली में जा रहे हैं।
पुलिस ने बंद कराए एटीएम
सुभाष नगर इंस्पेक्टर हरीश चंद्र जोशी पुलिस बल के साथ जब गश्त पर निकले तो देखा कि कुछ एटीएम खुले हैं। जहां लोग पहुंच रहे हैं। इस पर लोगों को खदेड़ा गया और एटीएम भी बंद कर दिया गया। जिससे लोग पैसे निकलने के लिए घरों से बाहर न निकल सके।
बच्ची के लिए दूध लेकर पहुंची पीआरवी
सुभाष नगर का डेढ़ किमी क्षेत्र सील होने के चलते अब वहां कोई नहीं आ जा रहा। ऐसे में घरों तक दूध भी नहीं पहुंच पाया। कई लोग रोज दूध लेने दुकानों पर जाते हैं। दुकानें न खुलने के चलते उन्हें दूध नहीं मिल सका। ऐसे में यहां यूपी-112 का मूवमेंट बढा दिया गया है। गुरुवार को सुबह से ही सुभाष नगर से यूपी-112 के पास दूध, नमक, दवा जैसी चीजों के लिए फोन पहुंच रहे हैं। यहां रहने वाली रामबेटी ने चार साल की बच्ची के लिए दूध की मांग की तो यूपी-112 के पुलिस कर्मी बोतल में दूध लेकर पहुंचेे।
डीएम व एसएसपी पहुंचे सुभाषनगर पुलिया
बरेली हॉट स्पॉट यानी सुभाषनगर को सील किए जाने के बाद डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेष पांडेय हालात का जायजा लेने के लिए सुभाषनगर पुलिया पहुंचे। वहां उन्होंने अधिकारियों से पूरे इलाके की जानकारी ली। आम लोगों की जरूरतों के बारे में जाना। साथ ही एरिया को पूरी तरह से सील करने और लोगों को किसी भी तरह बाहर नहीं निकलने देने के निर्देश दिए।