दो बच्चियों के अपहरण की सूचना पर दौड़ी पुलिस
प्रेमी के साथ भागने के लिए महिला ने बेटियों के अपहरण का नाटक रचा। पुलिस को फोन कर दोनों बच्चियों के अगवा होने की सूचना दे दी।
बरेली, जेएनएन : प्रेमी के साथ भागने के लिए महिला ने बेटियों के अपहरण का नाटक रचा। पुलिस को फोन कर दोनों बच्चियों के अगवा होने की सूचना दे दी। पुलिस ने गांव पहुंचकर पड़ताल की तो पोल खुल गई। खोजबीन के दौरान गांव में ही एक घर में दोनों बच्चियां मिलीं। मामले में महिला व उसके प्रेमी समेत तीन लोगों का शांति भंग में चालान किया गया है। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बुधवार रात पुलिस को सूचना दी कि उसकी दो बच्चियों का किसी ने अपहरण कर लिया है। इससे हड़कंप मच गया। आला अफसरों को सूचना दी गई। आननफानन में टीमें बनाकर दबिश दी गई। महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने गांव में ही एक स्थान से दोनों बच्चियों को खोज निकाला। पड़ताल के दौरान पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग का है। महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। आरोप है कि महिला के गांव के ही युवक के साथ प्रेम संबंध हैं। इसके चलते महिला प्रेमी के साथ भागने की फिराक में थी। मामला दो समुदायों से जुड़ा था, इसलिए पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मामला अपहरण का नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग का है। महिला व दो अन्य आरोपितों का चालान एसडीएम कोर्ट में किया गया है।