पुलिस ने दिल्ली जाकर दी साक्षी-अजितेश को सुरक्षा Bareilly News
अपने पिता से जान का खतरा जताते हुए वीडियो वायरल करने का हाईप्रोफाइल मामला चैनलों पर तो खूब चला लेकिन इन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा नहीं मांगी।
बरेली, जेएनएन : विधायक राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी का अजितेश से प्रेम विवाह करना और साक्षी का अपने पिता से जान का खतरा जताते हुए वीडियो वायरल करने का हाईप्रोफाइल मामला चैनलों पर तो खूब चला, लेकिन इन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा नहीं मांगी। बल्कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के माध्यम से याचिका दायर कर सुरक्षा की मांग की, लेकिन इनके खुद न उपस्थित होने से अगली सुनवाई 15 जुलाई को होनी है। मामला जब मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट तक पहुंचा तो पुलिस ने दोनों को ढूंढ़ना शुरू कर दिया। रविवार को पुलिस को आखिरकार दोनों दिल्ली में मिल गए। जहां उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई। कल दोनों हाईकोर्ट में पेश हो सकते हैं।
पिछले दो दिनों से साक्षी और अजितेश चैनलों पर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे थे। साक्षी अपने विधायक पिता से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग तो कर रही थी। लेकिन साक्षी या अजितेश ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने खुद दोनों को ढूंढ़ना शुरू किया। शनिवार को इज्जतनगर थाने से एक दारोगा व तीन सिपाही नोएडा गए। यहां पता चला कि दोनों दिल्ली में हैं। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली गई। जहां दोनों मिल गए हैं। दोनों को पुलिस सुरक्षा दी गई। सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस मामले में तारीख है। पुलिस प्रशासन की भी इस पर नजर है कि कोर्ट का क्या फैसला आता है। चूंकि, सुरक्षा को लेकर पुलिस की कोर्ट में छीछालेदर न हो, इसलिए एक दिन पहले पुलिस ने दोनों को ढूंढ़कर उन्हें सुरक्षा प्रदान कर दी।